26/11 Mumbai Attack In Absentia Trial: मुंबई पुलिस ने 2008 के 26/11 आतंकी हमलों के छह फरार पाकिस्तानी आरोपियों के खिलाफ ‘इन एब्सेंटिया’ यानी उनकी गैरमौजूदगी में मुकदमा चलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विशेष लोक अभियोजक उज्ज्वल निकम ने इसकी पुष्टि की। आरोपियों में हाफिज मोहम्मद सईद, जकी-उर-रहमान लखवी, साजिद मीर, अबू अलकामा, आसिम उर्फ अबू काहफा और मेजर अब्दुर रहमान पाशा शामिल हैं।
मुंबई पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 356 के तहत कार्यवाही शुरू करने के लिए निकम को औपचारिक पत्र भेजा है। ट्रायल कोर्ट सभी छह के खिलाफ पहले ही उद्घोषणा जारी कर चुका है। रिपोर्ट जमा होने के बाद उनकी गैरमौजूदगी में सुनवाई शुरू होगी। दोषी पाए जाने पर भारत लाए जाने पर उन्हें तत्काल सजा भुगतनी होगी।
26/11 हमले में 166 लोगों की मौत
26 नवंबर 2008 को समुद्री रास्ते से आए 10 आतंकियों ने मुंबई में चार दिन तक हमला किया था, जिसमें 166 लोग मारे गए और करीब 300 घायल हुए। लश्कर-ए-तैयबा प्रमुख हाफिज सईद को हमले का मास्टरमाइंड बताया जाता है। संगठन को 2005 में UN और 2008 में अमेरिका ने आतंकी सूची में डाला था।
पहलगाम केस में भी सईद पर कार्रवाई
जुलाई में जम्मू की अदालत ने पहलगाम आतंकी हमले मामले में सईद के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था। NIA ने उसे सप्लीमेंट्री चार्जशीट में मास्टरमाइंड बताया है। जांच सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान में सैन्य सुरक्षा में रहने वाले सईद पर वहां भी इन एब्सेंटिया ट्रायल की तैयारी है। अप्रैल 2025 में पहलगाम में 26 लोगों, ज्यादातर नागरिकों, की हत्या हुई थी।

