300-Year-Old Marble Statue: इंग्लैंड के विल्टशायर में कबाड़ और पुरानी चीजों के एक यार्ड से करीब 300 साल पुरानी संगमरमर की दुर्लभ मूर्ति मिली है। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, एक कलेक्टर की नजर करीब 27 इंच ऊंची इस मूर्ति पर पड़ी। जांच में पता चला कि यह कोई सामान्य पुरानी कलाकृति नहीं, बल्कि मशहूर इतालवी मूर्तिकार पिएत्रो ब्राची की बनाई मूर्ति है। यह मूर्ति पोप क्लेमेंट XII की है और माना जाता है कि इसे 1730 के दशक में तैयार किया गया था।
ट्रेवी फाउंटेन से खास कनेक्शन
पिएत्रो ब्राची 18वीं सदी के रोम के प्रमुख मूर्तिकारों में शामिल थे और उनका नाम प्रसिद्ध ट्रेवी फाउंटेन से भी जुड़ा रहा है। रोमन सीनेट ने उन्हें पोप क्लेमेंट XII का कांस्य चित्र बनाने की जिम्मेदारी भी दी थी, जिसे पोप के कैपिटोलिन म्यूजियम को दिए योगदान की याद में तैयार किया जाना था।
$400 में खरीदी, अब लाखों की उम्मीद
इस मूर्ति को शुरुआती तौर पर महज 400 डॉलर यानी करीब 35 हजार रुपये में खरीदा गया था। अब नीलामी में इसके 6,635 से 13,270 डॉलर, यानी लगभग 5.8 लाख से 11.7 लाख रुपये तक मिलने का अनुमान है। इसकी नीलामी 8 अक्टूबर को होगी। नीलामी संस्था वुली एंड विलिस के फर्नीचर विशेषज्ञ मार्क युआन रिचर्ड्स ने इसे बेहद रोमांचक खोज बताया। उनके मुताबिक, 18वीं सदी की इतनी दुर्लभ संगमरमर की मूर्ति का मिलना बड़ी बात है। यह कलाकृति उस दौर के पोप दरबार और रोम की कला की दुनिया की झलक भी देती है।
ये भी पढ़े: प्रशांत महासागर में एक साथ 3 तूफान एक्टिव, अक्टूबर में 5 साल बाद बना ऐसा संयोग

