Abhijeet Dipke Tricolor March: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने 16 अक्टूबर को दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में तिरंगा लहराने का ऐलान किया है। उन्होंने वीडियो जारी कर देशभर के लोगों से इस कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। दिपके ने कहा कि जो लोग दिल्ली नहीं पहुंच सकते, वे अपने-अपने शहरों में तिरंगा मार्च निकालें।
'तिरंगा लहराना कोई अपराध नहीं'
अभिजीत दिपके ने अपने वीडियो में सौरभ और आशु का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें सिर्फ तिरंगा लहराने के लिए जेल में डाला गया है। उन्होंने देशभक्तों और तिरंगे से प्यार करने वाले लोगों से 16 अक्टूबर को शाम 5 बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क पहुंचने की अपील की। दिपके ने कहा कि वहां तिरंगा लहराकर यह संदेश दिया जाएगा कि राष्ट्रीय ध्वज फहराना कोई अपराध नहीं है। उन्होंने दिल्ली से बाहर रहने वाले लोगों से भी शाम के समय अपने शहरों में तिरंगा मार्च निकालने को कहा।
'जेल जाने की चिंता नहीं, तिरंगा लहराकर रहूंगा'
अभिजीत दिपके ने कहा कि हो सकता है कि इस कार्यक्रम के बाद उन्हें भी जेल में डाल दिया जाए, लेकिन वह इससे डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा, "मेरा तिरंगा मेरा गर्व है और मैं इसे लहराकर ही रहूंगा।" उन्होंने लोगों से तिरंगे को देश का गौरव बताते हुए इस अभियान से जुड़ने की अपील की। दिपके के मुताबिक, जो लोग दिल्ली नहीं आ सकते, वे अपने शहरों में तिरंगा मार्च निकालकर अपना संदेश दे सकते हैं।
13 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर क्या हुआ था
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर को सौरव दास, आशुतोष रांका, अजिंक्य शिंदे समेत CJP के कुल 14 सदस्य जंतर-मंतर पहुंचे थे। पुलिस का कहना है कि जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाए जाने के बाद ये लोग एक निजी परिसर से होकर वहां पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक, इन लोगों को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने पुलिस के काम में बाधा डाली। इसके बाद सभी 14 सदस्यों को हिरासत में लिया गया। जंतर-मंतर को हाल ही में प्रदर्शन स्थल के रूप में अधिसूचित सूची से हटाया गया था।
मामले में दो FIR दर्ज
दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस मामले में 13 अक्टूबर 2026 को दो अलग-अलग FIR दर्ज की गईं।
पहली FIR: संख्या 289/26, कनॉट प्लेस थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223(a), 332 और 61(2) के तहत दर्ज की गई।
दूसरी FIR: संख्या 128/26, संसद मार्ग थाने में BNS की धारा 221, 115(2), 132, 121(1) और 3(5) के तहत दर्ज की गई।
पुलिस ने बताया कि मामले में सभी 14 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अब अभिजीत दिपके ने 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस में तिरंगा लहराने का कार्यक्रम घोषित करते हुए लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की है।
ये भी पढ़ें: EC पर रार: राहुल गांधी समेत 13 विपक्षी नेताओं की याचिका पर 26 अक्टूबर को सुनवाई संभव

