Ahmedabad: गुजरात के अहमदाबाद जिले में सनाथल सर्कल के पास नवापुरा गांव स्थित Ingram Micro के गोदाम से करीब एक करोड़ रुपये के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स चोरी हो गए। तीन नकाबपोश चोरों ने रात में गोदाम का पिछला दरवाजा तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना CCTV कैमरों में कैद हो गई।
सिक्योरिटी गार्ड ने देखा टूटा दरवाजा
21 अक्टूबर की रात करीब 1 से 2:30 बजे के बीच वारदात हुई। सिक्योरिटी गार्ड ने गोदाम के पिछले दरवाजे टूटे और कई पैकेट क्षतिग्रस्त पाए। गार्ड ने इसकी सूचना गोदाम के मैनेजर सुधीर नायर को दी, जो अहमदाबाद के जगतपुर स्थित गोदरेज गार्डन सिटी में रहते हैं। मौके पर पहुंचने पर नायर को बड़ी मात्रा में सामान गायब मिला।
40 iPhone 17 समेत कई महंगे गैजेट्स चोरी
चोरी हुए सामान में 40 iPhone 17, 30 iPhone 16, 15 Dell लैपटॉप, 11 HP लैपटॉप, 36 Apple Watch, 20 iPad कीबोर्ड, iPad Pro और लैपटॉप बैग समेत अन्य एक्सेसरीज शामिल हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये है।
CCTV में कैद हुए तीन संदिग्ध
पुलिस के मुताबिक, तीनों चोर पीछे के खुले मैदान से गोदाम तक पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे। पहचान छिपाने के लिए उन्होंने सिर और चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। चोरी के बाद आरोपी सड़क के रास्ते फरार हो गए।
जांच के लिए पुलिस की कई टीमें गठित
अहमदाबाद ग्रामीण की DSP नीलम गोस्वामी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई गई हैं। चांगोदर पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है। गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था और अंदरूनी जानकारी रखने वाले किसी व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच हो रही है। फिलहाल किसी गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। पुलिस चोरी का सामान बरामद करने में जुटी है।
ये भी पढ़े: दिवाली से पहले सोना-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट, चांदी ₹16,500 और सोना ₹5,700 से ज्यादा सस्ता

