Thursday, Oct 15

होम = Cover Story Big = राघोपुर नाव हादसे पर चिराग पासवान ने जताई संवेदना, कई लोगों की मौत पर दुखी

राघोपुर नाव हादसे पर चिराग पासवान ने जताई संवेदना, कई लोगों की मौत पर दुखी

Vaishali boat Accident: बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर दियारा में नाव हादसे में कई लोगों की मौत पर केंद्रीय मंत्री और स्थानीय सांसद चिराग पासवान ने दुख जताया है। उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

चिराग पासवान ने DM से की बात

चिराग पासवान ने एक्स पर बताया कि हादसे के बाद एसडीआरएफ की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी है। घायलों को बेहतर इलाज के लिए एनएमसीएच भेजा गया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जिलाधिकारी से उनकी बात हुई है। साथ ही, केंद्र और राज्य सरकार के माध्यम से पीड़ितों को अधिक से अधिक मदद पहुंचाने के तरीकों पर भी विस्तार से चर्चा की गई है।

चिराग के संसदीय क्षेत्र में हुआ हादसा

चिराग पासवान हाजीपुर लोकसभा सीट से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद हैं। नाव हादसे वाला इलाका उनके संसदीय क्षेत्र में आता है। बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात गंगा नदी में नाव पलट गई थी। नाव पर सवार ग्रामीण भोज में शामिल होने के लिए दूसरे गांव जा रहे थे। हादसे में अब तक कम से कम 13 बच्चों की मौत हो चुकी है।

भोज में शामिल होने जा रहे थे ग्रामीण

स्थानीय लोगों के मुताबिक, रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला में माता महारानी स्थान के पास सिंहेश्वर राय के घर भोज का आयोजन किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए करीब 20 लोग एक छोटी नाव पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान गंगा नदी में नाव पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहत और बचाव दल ने स्थानीय लोगों की मदद से नदी में तलाश अभियान चलाया।

ये भी पढ़ें: वैशाली नाव हादसे में 13 लोगों की मौत, मृतकों में ज्यादातर बच्चे; PM मोदी ने मुआवजे का किया ऐलान