Ajay Rai Resignation Statement: उत्तर प्रदेश कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद पर बदलाव के बाद पूर्व अध्यक्ष अजय राय ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने नई प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वह पार्टी को और मजबूत बनाएंगी। अजय राय ने साफ कहा कि उनसे इस्तीफा नहीं मांगा गया था और न ही पार्टी की ओर से कोई दबाव बनाया गया। उन्होंने कहा कि वह हमेशा पार्टी के निर्देशों का पालन करते आए हैं और आगे भी पूरी ईमानदारी से काम करते रहेंगे।
आराधना मिश्रा को दी बधाई
उत्तर प्रदेश कांग्रेस की नई टीम के गठन के बाद अजय राय ने आराधना मिश्रा को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आराधना मिश्रा को पूरी मेहनत के साथ काम करना चाहिए और कांग्रेस को उनसे भी आगे लेकर जाना चाहिए। अजय राय ने कहा कि कोई भी पद हमेशा के लिए नहीं होता। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान पूरी मेहनत से जिम्मेदारी निभाई है। अब उन्हें उम्मीद है कि आराधना मिश्रा भी संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगी।
राहुल गांधी और केंद्रीय नेतृत्व का जताया आभार
अजय राय ने कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व और खासतौर पर राहुल गांधी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक सामान्य कार्यकर्ता होने के बावजूद उन्हें उत्तर प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपी। इतना ही नहीं, उन्हें वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने का मौका भी दिया गया।
अजय राय ने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद भी पार्टी ने उन पर भरोसा जताया और उन्हें दोबारा वाराणसी से चुनाव मैदान में उतारा। उनके मुताबिक, केंद्रीय नेतृत्व के समर्थन की वजह से वाराणसी में कांग्रेस को 4 लाख 60 हजार वोट मिले। उन्होंने यह भी दावा किया कि चुनाव के दौरान सात राउंड में वह नरेंद्र मोदी से आगे रहे थे।
'मुझसे इस्तीफा नहीं मांगा गया'
प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने को लेकर अजय राय ने कहा कि उनसे इस्तीफा नहीं मांगा गया था और न ही किसी तरह का दबाव बनाया गया। उन्होंने बताया कि उनकी राहुल गांधी से मुलाकात हुई थी, जिसमें उत्तर प्रदेश में पार्टी को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। अजय राय के मुताबिक, इस बातचीत में संगठन को मजबूत बनाने, आगे की रणनीति तैयार करने और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने जैसे मुद्दों पर विचार किया गया। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के फैसलों का सम्मान करते हैं और हमेशा नेतृत्व के निर्देशों के अनुसार काम करते रहेंगे।
'मैंने अपना कर्तव्य और धर्म निभाया'
अजय राय ने कहा कि उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अपना कर्तव्य, धर्म और जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाई है। आगे भी वह इसी तरह पार्टी के लिए काम करते रहेंगे। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने की अपील की। उन्होंने अपने काशी से जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि वह बाबा विश्वनाथ के भक्त हैं और उन्हें महादेव का आशीर्वाद प्राप्त है। अजय राय ने कहा कि वह आगे भी पूरी ईमानदारी और ताकत के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे।
आराधना मिश्रा के अनुभव पर जताया भरोसा
नई प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा के राजनीतिक अनुभव का जिक्र करते हुए अजय राय ने कहा कि वह तीन बार विधायक रह चुकी हैं और उनके परिवार का भी राजनीतिक प्रभाव रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस प्रदेश में आगे बढ़ेगी।
अजय राय ने दावा किया कि इस बार कांग्रेस का समीकरण पहले से ज्यादा मजबूत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी तालमेल बनाए रखने और पार्टी के लिए पूरी मेहनत से काम करने की अपील की।
ये भी पढ़ें: मनोज तिवारी निभाएंगे केवट का किरदार, एआई और डिजिटल इफेक्ट्स से सजेगी लालकिले की रामलीला

