Friday, Oct 02

होम = Top News = ‘मुझे आंध्र का बेटा ही समझिए ‘, अनंत अंबानी ने किया 1 लाख करोड़ रुपये के निवेश का ऐलान

‘मुझे आंध्र का बेटा ही समझिए ‘, अनंत अंबानी ने किया 1 लाख करोड़ रुपये के निवेश का ऐलान

by | Oct 2, 2026 | Top News

Anant Ambani: रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने शुक्रवार को आंध्र प्रदेश में 1 लाख करोड़ रुपये के निवेश का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि इस निवेश के तहत राज्य में संपीड़ित बायोगैस (CBG) प्लांट स्थापित किए जाएंगे। इस परियोजना से 3 लाख से अधिक नौकरियां पैदा होने और राज्य के लिए 60 हजार करोड़ रुपये का राजस्व जनरेट होने की उम्मीद है। इस मौके पर अनंत अंबानी ने आंध्र प्रदेश की जनता को संबोधित करते हुए कहा, "आज मैं आपसे गुजारिश करता हूं कि आप मुझे आंध्र का बेटा समझें और बताएं कि मैं आपके खूबसूरत राज्य के लिए क्या योगदान दे सकता हूं।" उन्होंने रिलायंस पर भरोसा जताने और इस ऐतिहासिक काम में राज्य सरकार के साथ साझेदारी का अवसर देने के लिए आभार भी व्यक्त किया।

किसानों की जिंदगी बेहतर बनाने पर जोर

अनंत अंबानी ने कहा कि यह पहल केवल परियोजनाओं की नींव रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य ग्रामीण कारोबार को मजबूत करना, ग्रामीण क्षेत्रों को सशक्त बनाना और एक अधिक टिकाऊ भारत की नींव रखना है। उन्होंने कहा कि इस पहल का सबसे अहम मकसद किसान भाई-बहनों के जीवन को बेहतर बनाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रिलायंस नए संस्थान को समर्थन देने के लिए सरकार और किसानों के साथ मिलकर काम करेगी। उनके मुताबिक, यह पहल किसानों की समृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में भूमिका निभाएगी।

40 हजार करोड़ रुपये की लागत से बनेगा हॉर्टिकल्चर हब

अनंत अंबानी ने मदनपल्ले में रायलसीमा हॉर्टिकल्चर हब और इंडियन स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर फाउंडेशन के अवसर पर निवेश की घोषणा की। उन्होंने बताया कि 40 हजार करोड़ रुपये की लागत वाला रायलसीमा हॉर्टिकल्चर हब भारत की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगा। उन्होंने इंडियन स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर (ISA) को तकनीक और किसानों की समृद्धि पर केंद्रित एक नए संस्थान के रूप में बताया। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 25 साल पहले नायडू हैदराबाद में इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस लेकर आए थे और अब वह भारतीय किसानों के लिए इसी तरह का संस्थान बना रहे हैं।

किसानों को अपने खेत का CEO बनाने की पहल

अनंत अंबानी ने कहा कि भारत ने दुनिया को कई CEO दिए हैं, लेकिन अब इंडियन स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर भारतीय किसानों को अपने खेत का CEO बनाने की दिशा में काम करेगा। उन्होंने इस संस्थान को किसानों को तकनीक से जोड़ने और उनकी समृद्धि पर ध्यान केंद्रित करने वाली पहल बताया। इस कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण भी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें: मनोज तिवारी निभाएंगे केवट का किरदार, एआई और डिजिटल इफेक्ट्स से सजेगी लालकिले की रामलीला