होम = Featured = कब्र से मिली 2,200 साल पुरानी बीयर की बोतल, जानें कैसे बनाई जाती थी प्राचीन शराब

कब्र से मिली 2,200 साल पुरानी बीयर की बोतल, जानें कैसे बनाई जाती थी प्राचीन शराब

Ancient Chinese Beer: चीन में 9,000 साल से भी पहले चावल, कंद, फलों और पौधों के हिस्सों को फरमेंट कर बीयर बनाने के प्रमाण मिले हैं। इसी साल निंग्ज़िया के शान्जियाबो कब्रिस्तान में 2,200 साल से ज्यादा पुरानी एक कब्र से कांसे की बोतल में बंद बीयर मिली। इसमें 15 कप यानी करीब 3.7 लीटर बीयर थी, जो बाजरा और संभवतः गेहूं या जौ से बनाई गई थी। इसे मृतक के साथ परलोक में इस्तेमाल के लिए रखा गया माना जा रहा है।

‘क्वू’ के बिना बनाई गई बीयर

स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की पुरातत्वविद् ली लियू के मुताबिक प्राचीन चीन में शराब बनाने की कई तकनीकें थीं। उनके 2024 के शोध में शानक्सी के 2,300 साल पुराने किन राजवंश के मकबरे से मिली बीयर भी शामिल थी। वह गेहूं या जौ, बाजरा, दालों और घास के बीज से बनी थी। नई बीयर में अनाज, फफूंदी, खमीर और सूक्ष्मजीवों वाले ‘क्वू’ स्टार्टर कल्चर के इस्तेमाल के स्पष्ट प्रमाण नहीं मिले। लियू इसे प्राचीन चीनी शराब निर्माण की विकसित तकनीकों का अहम हिस्सा मानती हैं। दोनों खोजें उत्तरी चीन में 8वीं से 3वीं शताब्दी ईसा पूर्व के बीच विकसित बीयर बनाने की परंपराओं के पुरातात्विक प्रमाण देती हैं।

चीन में 9,000 साल पुरानी बीयर के निशान

निंग्ज़िया और शानक्सी की कब्रों से मिली तरल बीयर बेहद दुर्लभ है। हालांकि ये सबसे पुरानी नहीं हैं। चीन में 3,000 साल पुराने अनाज-आधारित पेय भी मिले हैं। हेनान में नवपाषाण काल के मिट्टी के बर्तनों में करीब 9,000 साल पुरानी बीयर के जैविक अवशेष मिले थे, जिसमें चावल, शहद और फलों का इस्तेमाल हुआ था।

दुनिया की सबसे पुरानी बीयर कहां मिली?

दुनिया में बीयर का सबसे पुराना प्रमाण उत्तरी इजरायल की राकेफेट गुफा से मिलता है। वहां 12,000-14,000 साल पहले रहने वाली नटुफियन संस्कृति के लोगों के पत्थर के बर्तनों में गेहूं या जौ से बनी बीयर के अवशेष मिले। माना जाता है कि इसका इस्तेमाल धार्मिक भोजों में होता था।

ये भी पढ़े: भारतीय क्षेत्र पर नेपाल का दावा, नहीं मिल पा रहे 210 साल पुरानी सुगौली संधि के मूल दस्तावेज