Arshdeep Singh 100 T20I Matches: भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी-20 मुकाबले में एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली। वह 100 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले भारत के दूसरे तेज गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले जसप्रीत बुमराह ही इस मुकाम तक पहुंचे थे। अर्शदीप भारत के लिए 100 टी-20I खेलने वाले सातवें खिलाड़ी भी बन गए हैं।
रोहित शर्मा के नाम सबसे ज्यादा टी-20I खेलने का रिकॉर्ड
भारत के लिए सबसे ज्यादा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है, जिन्होंने 159 मुकाबले खेले हैं। हार्दिक पांड्या 138 मैचों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि विराट कोहली ने 125 मैच खेले थे। अक्षर पटेल और सूर्यकुमार यादव 113-113 मुकाबलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वहीं, अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह के नाम अब 100-100 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच दर्ज हैं।
145 विकेट ले चुके हैं अर्शदीप सिंह
अर्शदीप सिंह ने 2022 में अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था। अब तक 100 मैचों में वह करीब 21 की औसत से 145 विकेट ले चुके हैं। इस दौरान उन्होंने दो बार 4 विकेट और एक बार 5 विकेट लेने का कारनामा किया है। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 5/51 का रहा है। अर्शदीप ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा 25 विकेट दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लिए हैं।
ये भी पढ़ें: एशियन गेम्स 2026: प्रवीण कुमार ने हाई जंप में जीता गोल्ड, तोड़ा पैरा गेम्स का रिकॉर्ड

