News Latest

अरुणाचल बॉर्डर पर तनाव के बीच चीन का पहला बयान, बोला- समझौतों के मुताबिक करते हैं पेट्रोलिंग

China Border Patrolling: अरुणाचल प्रदेश में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच टकराव की घटनाओं को लेकर दोनों देशों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। भारत की ओर से चीन पर पेट्रोलिंग के निर्धारित तौर-तरीकों का पालन नहीं करने का आरोप लगाए जाने के बाद अब बीजिंग की प्रतिक्रिया सामने आई है। चीन ने दावा किया है कि वह दोनों देशों के बीच हुए समझौतों का पालन करते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में नियमित गश्त करता है।

चीन ने क्या कहा

चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने सोमवार को कहा कि चीन ने भारत के साथ हुए समझौतों और महत्वपूर्ण सहमतियों का लगातार और सख्ती से पालन किया है। उन्होंने कहा कि चीन अपनी क्षेत्रीय संप्रभुता की रक्षा करने और सीमा पर स्थिरता बनाए रखने के लिए सीमावर्ती इलाकों में नियमित पेट्रोलिंग और प्रबंधन का काम करता है। गुओ जियाकुन ने यह भी बताया कि भारत और चीन राजनयिक तथा सैन्य माध्यमों से एक-दूसरे के संपर्क में हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत भी इसी दिशा में काम करेगा, ताकि दोनों देश आपसी सहमतियों को मिलकर लागू कर सकें। साथ ही, सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें।

भारत ने पेट्रोलिंग के तौर-तरीकों पर उठाए थे सवाल

चीन का यह बयान ऐसे समय आया है, जब भारत ने सीमा पर तनाव के लिए पेट्रोलिंग के निर्धारित तौर-तरीकों से हटने को जिम्मेदार बताया था। भारत का कहना है कि जब चीन दोनों देशों के बीच सहमत प्रक्रियाओं का पालन नहीं करता, तो वास्तविक नियंत्रण रेखा पर स्थिति बिगड़ने लगती है। भारत ने यह भी स्पष्ट किया था कि दोनों देश LAC से जुड़े लंबित मुद्दों को सुलझाने और गलतफहमी या गलत आकलन की स्थिति से बचने के लिए मौजूदा राजनयिक एवं सैन्य तंत्रों के माध्यम से बातचीत जारी रखे हुए हैं।

अरुणाचल प्रदेश में अभी भी हो रहा सैनिकों का आमना-सामना

ITBP के महानिदेशक शत्रुजीत सिंह कपूर ने 22 अक्टूबर 2026 को राजस्थान के अलवर में आयोजित हिमवीर सम्मान समारोह में जवानों को संबोधित करते हुए अरुणाचल प्रदेश की सीमा पर मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि अरुणाचल प्रदेश में कई स्थानों पर भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच आमना-सामना हुआ है और ऐसी स्थिति अभी भी बनी हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि इन परिस्थितियों में भारतीय बलों की शौर्य कमांडो टीमें शानदार काम कर रही हैं और फेस-ऑफ के दौरान अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं।

हर बॉर्डर बटालियन में तैनात होंगी शौर्य कमांडो टीमें

शत्रुजीत सिंह कपूर ने शौर्य कमांडो टीमों की भूमिका का जिक्र करते हुए बताया था कि इन टीमों को हर बॉर्डर बटालियन में तैनात किया जाएगा। इसके अलावा, जल्द ही इनकी एक पूर्ण बटालियन भी बनाई जाएगी। उनके इस बयान के बाद भारत के विदेश मंत्रालय ने सीमा पर पेट्रोलिंग को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट की थी। मंत्रालय ने कहा था कि चीन की ओर से निर्धारित पेट्रोलिंग प्रक्रियाओं से हटने के कारण LAC पर परिस्थितियां बिगड़ती हैं।

LAC की समझ बेहतर बनाने पर भी चर्चा

भारत ने कहा था कि दोनों देश सीमा से जुड़े शेष मुद्दों को हल करने के लिए बातचीत कर रहे हैं। इसके साथ ही, गलतफहमी और गलत आकलन से बचने के उपायों पर भी काम किया जा रहा है। दोनों पक्षों ने सीमा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए उपयुक्त क्षेत्रों में वास्तविक नियंत्रण रेखा को लेकर अपनी समझ में सुधार करने के तरीकों पर चर्चा करने की सहमति भी जताई है। ऐसे में सीमा पर शांति बनाए रखने के लिए दोनों देशों के बीच राजनयिक और सैन्य संपर्क महत्वपूर्ण बने हुए हैं।

अरुणाचल प्रदेश में 1,126 किलोमीटर लंबी है LAC

अरुणाचल प्रदेश में वास्तविक नियंत्रण रेखा की लंबाई करीब 1,126 किलोमीटर मानी जाती है। भारत और चीन के बीच अभी तक LAC का पूरी तरह सीमांकन नहीं हुआ है। इसके कारण कई क्षेत्रों में दोनों देशों की सीमा को लेकर अलग-अलग धारणाएं हैं। इसी अंतर के चलते सीमावर्ती इलाकों में पेट्रोलिंग के दौरान दोनों देशों के सैनिक कई बार आमने-सामने आ जाते हैं और तनाव की स्थिति पैदा हो जाती है। भारत और चीन के बीच पूरी LAC की लंबाई करीब 3,488 किलोमीटर है। सीमा से जुड़े मुद्दों और पेट्रोलिंग के तौर-तरीकों पर दोनों देशों के अलग-अलग रुख के बीच अरुणाचल प्रदेश में सैनिकों के बीच टकराव का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है।

ये भी पढ़ें: नोबेल नहीं मिलने पर भड़के अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, कहा- नॉर्वे से यहां किसी को नहीं आने देना चाहता

Lavanya Dayal

View Comments

Recent Posts

छात्रसंघ चुनाव के ऐलान के कुछ ही घंटों बाद JMI में फिर भड़का विरोध प्रदर्शन, कई छात्र डिटेन

Jamia Millia Islamia: दिल्ली की जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में करीब 20 साल बाद छात्रसंघ…

3 minutes ago

‘मुझे BJP समर्थक समझकर पीटा’, खड़गे को भाषण के बीच टोकने वाले संतोष का बड़ा दावा

Mallikarjun Kharge Patna: पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण के दौरान हुए हंगामे…

6 minutes ago

निजी स्कूलों से जुड़े ₹100 करोड़ के कथित घोटाले में DMK के पूर्व मंत्री अनबिल महेश पोय्यामोझी गिरफ्तार

Anbil Mahesh Arrested: तमिलनाडु के पूर्व मंत्री और DMK नेता अनबिल महेश को 100 करोड़…

33 minutes ago

खांसी-जुकाम में खुद से लेते हैं एंटीबायोटिक्स? आंतों के अच्छे बैक्टीरिया पर पड़ सकता है असर

Antibiotics Side Effects: खांसी-जुकाम होने पर कई लोग जल्दी राहत पाने के लिए एंटीबायोटिक्स लेने…

52 minutes ago

Silver Price Crash: चांदी की कीमतों में भूचाल, हाई से करीब 55% टूटी, सोने में तेजी

Silver Price Crash: सोने और चांदी की कीमतों में बीते कुछ दिनों से जारी गिरावट…

1 hour ago

राहुल-अखिलेश का नाम लिए बिना योगी का हमला, घुसपैठियों को लेकर घेरा

Yogi Adityanath Rahul Akhilesh Remark: कानपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ…

1 hour ago