Balrampur Durga Pandal Accident: दुर्गा पूजा के पंडाल में जहां लोग उत्सव के लिए जुटे थे, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में शनिवार रात तेज रफ्तार कार पंडाल में घुस गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने कार और उसके ड्राइवर को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वीडियो देख रहे लोगों पर चढ़ी बेकाबू कार
यह हादसा कोतवाली देहात क्षेत्र के चरन गहिया बेल्हा गांव में शनिवार रात करीब 10:30 बजे हुआ। गांव में सड़क किनारे दुर्गा माता का मंदिर है। मंदिर के पास सड़क से नीचे टेंट लगाकर पर्दे पर वीडियो दिखाया जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर टेंट में घुस गई और वहां मौजूद लोगों को कुचल दिया। हादसे में सात लोग घायल हो गए। टक्कर से एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार को भी नुकसान पहुंचा।
चश्मदीद ने सुनाई हादसे की कहानी
घटनास्थल पर मौजूद जितेंद्र उपाध्याय ने बताया कि वह शनिवार रात करीब 10 बजे तक पंडाल में थे। इसी दौरान फोन आने पर वह मंदिर चले गए। उनके मुताबिक, मंदिर जाने के कुछ ही देर बाद तेज रफ्तार कार पंडाल में घुस गई। उन्होंने कहा कि अगर वह वहां मौजूद रहते, तो हादसे की चपेट में आ सकते थे। वहीं, एक प्रत्यक्षदर्शी ने आरोप लगाया कि कार चालक शराब के नशे में था। हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस कर रही जांच
हादसे की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली और देहात कोतवाली की पुलिस के साथ नगर क्षेत्राधिकारी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी अभिषेक सिंह के मुताबिक, पुलिस ने घेराबंदी कर कार को पकड़ लिया और चालक को हिरासत में ले लिया है।
ये भी पढ़ें: ग्वालियर में मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को ट्रक ने रौंदा, हादसे में 13 लोगों की मौत

