Bangladesh: बांग्लादेश के कॉक्स बाजार जिले में शनिवार सुबह समुद्र किनारे स्थित एक रिसॉर्ट में भीषण आग लग गई। हादसे में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग घायल हुए हैं। उखिया पुलिस स्टेशन के प्रमुख मोहम्मद अतीकुर रहमान मजूमदार के मुताबिक, आग सुबह करीब 6:30 बजे इनानी स्थित TUPTUP Resto and Resort में लगी।
अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल
फायर सर्विस के प्रवक्ता तल्हा बिन जसीम ने दोपहर करीब 1:30 बजे मृतकों और घायलों की संख्या की पुष्टि की। मरीन ड्राइव पर पटुआर्टेक बीच के पास स्थित रिसॉर्ट से घायलों को कॉक्स बाजार सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल के रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर साबुक्तागिन महमूद सोहेल के अनुसार, पांच लोग करीब 5 प्रतिशत झुलसे हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं, गिरने से घायल एक व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
आग लगने के समय मौजूद थे 30 लोग
कोलाटोली से करीब 29 किलोमीटर दूर समुद्र तटीय क्षेत्र के प्रवेश मार्ग के पास स्थित तीन मंजिला रिसॉर्ट मुख्यतः बांस और लकड़ी से बना था। घटना के समय वहां लगभग 30 लोग मौजूद थे। इनमें 4-5 लोग बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि बाकी की स्थिति स्पष्ट नहीं है।
पूरी तरह जलकर खाक हुआ रिसॉर्ट
कॉक्स बाजार फायर सर्विस के डिप्टी असिस्टेंट डायरेक्टर सैयद मोहम्मद मोर्शेद हुसैन ने बताया कि आग से पूरा ढांचा नष्ट हो गया। डिप्टी कमिश्नर ए मन्नान के मुताबिक, अब तक छह शव बरामद हुए हैं। परिजनों को सौंपने से पहले उनके DNA सैंपल लिए जाएंगे।
आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है। कुछ लोगों ने रसोई से आग शुरू होने की आशंका जताई है, लेकिन फायर सर्विस की जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।
ये भी पढ़े: ‘हम दुनिया छोड़ रहे हैं’: कंपनी को ईमेल भेजने के बाद पत्नी संग मृत मिला आईटी कर्मचारी

