Banke Bihari Temple Fight: वृंदावन के ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं और निजी सुरक्षाकर्मियों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं के साथ सुरक्षाकर्मियों के व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
वीडियो में महिला श्रद्धालु और युवक से उलझते दिखे गार्ड
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में निजी सुरक्षाकर्मी एक महिला श्रद्धालु और युवक के साथ उलझते नजर आ रहे हैं। वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में हर दिन देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। भीड़ को नियंत्रित करने और दर्शन व्यवस्था संभालने के लिए निजी सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं। ऐसे में मारपीट की घटना सामने आने के बाद श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुरक्षाकर्मियों के व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
समझौते के बाद मामला शांत
मंदिर के सुरक्षा प्रभारी अशोक कौशिक के मुताबिक, दर्शन के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने कानपुर से आए श्रद्धालुओं को कतार में आगे बढ़ने के लिए कहा था। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। उन्होंने बताया कि घटना के बाद दोनों पक्षों को समझाकर आपसी समझौता करा दिया गया।
श्रद्धालु की बिगड़ी थी तबीयत
बांके बिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। बीते महीने दर्शन के लिए आए एक श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ गई थी। आरोप है कि उस समय उपचार के लिए एंबुलेंस नहीं मिलने से नाराज परिजनों ने हंगामा किया। बाद में श्रद्धालु को प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद परिजन उसे अपने साथ ले गए।
ये भी पढ़ें: वृंदावन के गुरुकुल में बड़ा हादसा, टंकी की साफ करने के लिए उतरे 4 छात्रों की हुई मौत

