Monday, Oct 05

होम = Cover Story Global = बेमेतरा में 22 बंदरों की हत्या का दावा, जांच में अब तक नहीं हुई पुष्टि; मिले 2 कंकाल

बेमेतरा में 22 बंदरों की हत्या का दावा, जांच में अब तक नहीं हुई पुष्टि; मिले 2 कंकाल

Bemetara: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के देवगांव में बंदरों की मौत का मामला सामने आया है। 2 अक्टूबर को एक ब्लॉगर ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर दावा किया कि डोकरबेला इलाके में फसल की रखवाली करने वाले चौकीदार ने एयरगन से फायरिंग कर 22 बंदरों को मार डाला। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय स्तर पर नाराजगी हुई और वन विभाग व पुलिस ने जांच शुरू की।

तीन दिन की जांच में नहीं हुई पुष्टि

अधिकारियों ने ब्लॉगर से पूछताछ की और वीडियो में लगाए गए आरोपों की जांच की। तीन दिन चली जांच में 22 बंदरों की हत्या की पुष्टि नहीं हुई। ग्रामीणों के मुताबिक, खेतों की सुरक्षा के लिए रखवार तैनात किए जाते हैं, जो मवेशियों और बंदरों से फसल बचाते हैं। इसके बदले किसानों की ओर से उन्हें रोजाना 2 किलो चावल दिया जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि बंदरों को भगाने के लिए दूसरे तरीके अपनाए जा सकते थे।

मिले दो कंकाल, फॉरेंसिक जांच जारी

शिकायत के बाद वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम शनिवार को मौके पर पहुंची। जांच के दौरान दो बंदरों के कंकाल मिले, जिन्हें फॉरेंसिक जांच और DNA टेस्ट के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट से मौत की वजह और हथियार के इस्तेमाल का पता चलेगा। फिलहाल 22 बंदरों की सामूहिक हत्या का दावा सही नहीं पाया गया है। जांच जारी है। दोष साबित होने पर वन्यजीव हत्या या अन्य अपराध के तहत कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ये भी पढ़े: मायावती ने फिर आकाश आनंद को BSP में दी बड़ी जिम्मेदारी, बनाया राष्ट्रीय संयोजक