Thursday, Oct 01

होम = Cover Story Global = Bihar: सब इंस्पेक्टर के ठिकानों पर EOU की छापेमारी, ₹1.49 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति

Bihar: सब इंस्पेक्टर के ठिकानों पर EOU की छापेमारी, ₹1.49 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति

Bihar: बिहार के आरा में परिवहन विभाग के सब इंस्पेक्टर अमित कुमार गुप्ता के ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की छापेमारी करीब 10 घंटे चली। आय से अधिक संपत्ति के मामले में हुई तलाशी के दौरान आरा स्थित आवास से 3 लाख रुपये नकद और एक इलेक्ट्रिक कार मिली। इसके अलावा जमीन-जायदाद, बैंक खातों और निवेश से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए।

11 प्लॉट और दूसरे शहरों में निवेश

EOU के मुताबिक, आरा और पटना स्थित ठिकानों पर तलाशी ली गई। अमित कुमार गुप्ता फिलहाल कैमूर के मोहनिया चेक पोस्ट पर तैनात हैं। आरा के अवधपुरी आवास से आरा, पटना और छपरा में खरीदे गए कुल 11 भू-खंडों के दस्तावेज मिले। इनमें करीब 5.1 डिसमिल जमीन पर निर्माणाधीन मकान, अवधपुरी का मकान और पटना की साई वरदान सिटी स्थित फ्लैट शामिल हैं।

जांच में नोएडा और नई दिल्ली की जमीन व फ्लैट में निवेश से जुड़े रिकॉर्ड भी मिले हैं। EOU अब संपत्तियों की कीमत और उनके लिए इस्तेमाल धन के स्रोत की जांच कर रही है।

बैंक खाते, निवेश और बच्चों की पढ़ाई भी जांच के दायरे में

तलाशी में 15 बैंक खातों की पासबुक-चेकबुक से जुड़े दस्तावेज मिले हैं और खातों की राशि फ्रीज कराने की प्रक्रिया चल रही है। एक बैंक लॉकर की जानकारी भी मिली है, जिसकी तलाशी बाकी है। 30 लाख रुपये से अधिक के शेयर-म्यूचुअल फंड निवेश और 7 LIC दस्तावेजों में 10 लाख रुपये से ज्यादा के निवेश की जानकारी मिलने का दावा है। आभूषणों की खरीद की रसीदें भी मिली हैं। EOU बच्चों की शिक्षा पर होने वाले खर्च की भी जांच कर रही है। एक बेटा दार्जिलिंग के आवासीय स्कूल में और बेटी कोटा में NEET की तैयारी कर रही है।

₹1.49 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का दावा

EOU DSP बिजय कुमार गुप्ता के अनुसार, शुरुआती जांच में करीब ₹1 करोड़ 49 लाख 58 हजार 500की आय से अधिक संपत्ति के साक्ष्य मिले हैं, जो ज्ञात वैध आय से 148.10 प्रतिशत अधिक बताई गई है। मामले में केस दर्ज कर 11 प्लॉट, मकान-फ्लैट, बैंक खाते, लॉकर, निवेश, वाहन और आभूषणों की जांच जारी है।

ये भी पढ़े: हापुड़ में युवक को कमरे में बंद कर बेल्ट से पीटा, मारपीट का VIDEO वायरल; 6 पर FIR