Friday, Oct 02

होम = State = बिहार में शराब की मची लूट, ट्रक पलटते ही बोतलें और कार्टन लेकर भागे लोग

बिहार में शराब की मची लूट, ट्रक पलटते ही बोतलें और कार्टन लेकर भागे लोग

by | Oct 2, 2026 | State, बिहार

Araria Liquor Truck Accident: बिहार के अररिया में सड़क हादसे के बाद विदेशी शराब की लूट का मामला सामने आया है। अररिया-रानीगंज मुख्य मार्ग पर एनएच-327 ई में गीतवास टोल प्लाजा के पास शराब से लदा एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रक का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। इसी बीच स्थानीय लोगों को ट्रक में विदेशी शराब लदी होने की जानकारी मिली, जिसके बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग ट्रक के पास पहुंच गए और उसमें रखी शराब की बोतलें और कार्टन निकालकर ले जाने लगे। कुछ ही देर में वहां शराब लूटने की होड़ मच गई। लोगों को जितना मौका मिला, वे उतनी शराब लेकर मौके से निकल गए। इस दौरान कई लोग कार्टन भरकर शराब ले जाते हुए दिखाई दिए।

बच्चे और बुजुर्ग भी शराब लूटने पहुंचे

ट्रक में शराब होने की खबर आसपास के गांवों में फैलते ही वहां लोगों की भीड़ बढ़ने लगी। शराब लूटने वालों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे। कुछ लोग मोटरसाइकिल से घटनास्थल पर पहुंचे और ट्रक से शराब के कार्टन निकालकर अपने साथ ले जाने लगे। ट्रक में अलग-अलग ब्रांड की विदेशी शराब लदी हुई थी। लोग बिना किसी रोक-टोक के शराब की बोतलें और कार्टन लेकर जाते रहे। घटनास्थल पर मची इस अफरा-तफरी का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोगों को ट्रक से शराब निकालकर ले जाते हुए देखा जा सकता है।

पुलिस पहुंचने तक आधी से ज्यादा शराब गायब

हादसे की सूचना मिलने के बाद रानीगंज और अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीण ट्रक में लदी आधे से ज्यादा शराब लेकर जा चुके थे। घटनास्थल पर सदर एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह, रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी और जवान पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच शुरू की। अधिकारियों ने ट्रक से गायब हुई शराब के संबंध में जानकारी जुटाई और मामले की छानबीन शुरू कर दी।

फरार चालक और खलासी की तलाश जारी

पुलिस अब हादसे के साथ-साथ शराब लूटने के मामले की भी जांच कर रही है। घटनास्थल से शराब लेकर जाने वाले लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। इसके साथ ही लूटी गई शराब की बरामदगी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके से फरार हुए ट्रक चालक और खलासी के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें: NATO से बढ़ते तनाव के बीच पुतिन की चेतावनी, कैलिनिनग्राद पर हमले का न्यूक्लियर हथियार से देंगे जवाब