France Supermarket Cyber Attack: फ्रांस में हैकर्स ने साइबर हमले के लिए ऐसा तरीका अपनाया, जिसने सुपरमार्केट के रेफ्रिजरेशन सिस्टम को ही निशाना बना दिया। हमले के बाद कई दुकानों के फ्रिज और फ्रीजर का तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे खाने-पीने की चीजें खराब हो गईं। कैरेफोर, मोनोप्रिक्स और इंटरमार्चे जैसे बड़े खुदरा समूह इसकी चपेट में आए हैं। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुराने सॉफ्टवेयर के चलते हैकिंग की आशंका
रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि हैकर्स ने सुपरमार्केट के रेफ्रिजरेशन सिस्टम को नियंत्रित करने वाले सॉफ्टवेयर की कमजोरी का फायदा उठाया। इस तकनीक से एक ही जगह से कई फ्रिज और फ्रीजर का तापमान नियंत्रित किया जाता है। रखरखाव करने वाली कंपनियां भी इंटरनेट के जरिए इन सिस्टम को दूर से संचालित कर सकती हैं। जांच के दौरान डेनमार्क की कंपनी डैनफॉस के पुराने सॉफ्टवेयर में खामी की आशंका सामने आई है।
6 घंटे तक 50 डिग्री रहा फ्रीज़र का तापमान
साइबर हमले का असर फ्रांस के कई बड़े सुपरमार्केट पर पड़ा। कैरेफोर के 80 स्टोर प्रभावित हुए, जबकि मोनोप्रिक्स ने अपने करीब 5 प्रतिशत स्टोर में समस्या आने की जानकारी दी। इंटरमार्चे के मालिक समूह के मुताबिक, उसके लगभग 150 स्टोर में रेफ्रिजरेशन इकाइयों का तापमान 6 घंटे तक 50 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इससे ज्यादातर खाद्य पदार्थ खराब हो गए।
पीएम ने दिए जांच के आदेश
फ्रांस के प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू ने राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा एजेंसी को जांच के निर्देश दिए हैं। विश्लेषकों के मुताबिक, स्पेन, पुर्तगाल, पोलैंड, जर्मनी और बेल्जियम में भी इसका असर सामने आया है। डैनफॉस ने पुराने सिस्टम अपडेट करने की सलाह दी है।
ये भी पढ़ें: एक अंगूठे से जारी हुए सैकड़ों SIM, 73 साइबर अपराधों तक पहुंची जांच; Airtel डिस्ट्रीब्यूटर गिरफ्तार

