Gyanesh Kumar Chhattisgarh visit: दिल्ली में विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शन के बीच चुनाव आयोग ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और वरिष्ठ अधिकारियों का छत्तीसगढ़ दौरा टाल दिया है। आयोग की टीम को 7 और 8 अक्टूबर को राज्य का दो दिवसीय दौरा करना था। इस दौरान चुनावी तैयारियों और अन्य मुद्दों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठकें प्रस्तावित थीं। हालांकि, दिल्ली में चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच अब यह दौरा स्थगित कर दिया गया है।
इन जगहों का दौरा भी था प्रस्तावित
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान दंतेवाड़ा स्थित प्रसिद्ध दंतेश्वरी माता मंदिर, बस्तर का चित्रकोट झरना और कवर्धा जिले के भोरमदेव मंदिर जाने का भी कार्यक्रम था। हालांकि, दौरा टलने के साथ ही इन जगहों पर प्रस्तावित कार्यक्रम भी फिलहाल स्थगित हो गए हैं। दौरा टाले जाने की जानकारी छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय की ओर से दी गई।
ज्ञानेश कुमार के लिए की गई थीं विशेष व्यवस्थाएं
चुनाव आयोग की ओर से जारी पत्र के अनुसार, छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को राजकीय अतिथि का दर्जा दिया गया था। उनके दौरे को देखते हुए जरूरी प्रोटोकॉल और सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश भी जारी किए गए थे। हालांकि, दौरा टलने के बाद अब इन सभी प्रस्तावित कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं को रद्द कर दिया गया है।
नई तारीख बाद में होगी तय
राज्य निर्वाचन आयोग के पत्र में बताया गया है कि अपरिहार्य कारणों के चलते मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों का छत्तीसगढ़ दौरा स्थगित कर दिया गया है। पत्र के मुताबिक, आयोग से दौरे की नई तारीख मिलने के बाद इसकी जानकारी अलग से दी जाएगी। फिलहाल यह दौरा कब होगा, इसे लेकर कोई नई तारीख तय नहीं की गई है।
ये भी पढ़ें:

