Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है। मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रही यात्रियों से भरी तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 32 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में बस मालिक भी शामिल है।
पेड़ से टकराते ही बस में मची चीख-पुकार
हादसा केल्हारी थाना क्षेत्र के पहाड़ हंसवाही के पास हुआ। बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी फैल गई।
15 घायलों की हालत गंभीर
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को केल्हारी और मनेंद्रगढ़ के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। मनेंद्रगढ़ अस्पताल के अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी के अनुसार, घायलों का इलाज तेजी से किया जा रहा है। करीब 15 लोगों की हालत बेहद गंभीर है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
पूर्व विधायक ने मांगा एक करोड़ का मुआवजा
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने हादसे पर दुख जताते हुए राज्य सरकार से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये और गंभीर रूप से घायल लोगों को 10-10 लाख रुपये का मुआवजा तत्काल देने की अपील की है।
ये भी पढ़े: होर्मुज में 7 तेल टैंकरों पर हमले का दावा, आग की लपटों में घिरे जहाज, ईरान की अमेरिका को खुली धमकी

