Thursday, Oct 08

होम = News Top = CJP ने बेंगलुरु में किया ‘चप्पल प्रोटेस्ट’, प्रकाश राज ने कहा- सीईसी ज्ञानेश के खिलाफ जांच और केस दर्ज हो

CJP ने बेंगलुरु में किया ‘चप्पल प्रोटेस्ट’, प्रकाश राज ने कहा- सीईसी ज्ञानेश के खिलाफ जांच और केस दर्ज हो

CJP Chappal Protest Bengaluru: बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में अभिनेता-नेता प्रकाश राज और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ध्रुव राठी समेत कई लोग शामिल हुए।  सीजेपी नेता आशुतोष रांका ने कहा कि 'चप्पल प्रोटेस्ट' उन लोगों को सामने लाएगा जिन्हें SIR प्रक्रिया के दौरान वोटर लिस्ट से हटा दिया गया था। इस दौरान प्रकाश राज ने चुनावी व्यवस्था और मतदाताओं की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब लोगों को अपने ही वोट के लिए नेताओं के दफ्तरों के सामने भीख मांगनी पड़ रही है।

सिर्फ इस्तीफा नहीं, SIR खत्म करने की मांग

एक्टर प्रकाश राज ने आरोप लगाया कि आदिवासियों, गरीबों, मुसलमानों और अल्पसंख्यकों को वोट देने से रोका गया है। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई सिर्फ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक सीमित नहीं है। अगर एक व्यक्ति पद से हटेगा तो उसकी जगह कोई दूसरा आ जाएगा। उन्होंने SIR प्रक्रिया खत्म करने की मांग करते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार की जांच होनी चाहिए और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए।

CJP कार्यकर्ताओं की हिरासत पर जताया विरोध

CJP प्रवक्ता सौरभ दास ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में संगठन के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कदम आंदोलन को रोक नहीं पाएंगे और युवा अपने मताधिकार के लिए लड़ते रहेंगे। CJP ने भी दावा किया कि प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने के लिए उसके कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया जा रहा है। संगठन के मुताबिक, ऐसी कार्रवाई से लोगों का गुस्सा और बढ़ेगा और आंदोलन को और समर्थन मिल सकता है।

शनिवार को सीजेपी करेगी प्रदर्शन

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेगी। पार्टी के सह-संयोजक सौरभ दास ने बुधवार को दिल्ली पुलिस को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन की औपचारिक सूचना दी है। CJP इस प्रदर्शन के जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और चुनाव आयोग में सुधारों की मांग उठाएगी। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।

ये भी पढ़ें: सौरव दास ने पोस्ट हटाया, माफी नहीं मांगी; गौरव भाटिया ने दी FIR और 2 करोड़ मानहानि की चेतावनी