CJP Protest Delhi: दिल्ली के जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा कारणों से पटना, राजेंद्र नगर और बनारस से नई दिल्ली आने वाली छह प्रमुख ट्रेनें 9 अक्टूबर को रद्द रहीं। वहीं, मध्य प्रदेश के इटारसी में पुलिस ने गोवा एक्सप्रेस से CJP के 15 सदस्यों को हिरासत में लिया। राजस्थान के अलवर में पार्टी नेता दीपक बालियान को भी पाबंद किया गया है।
दिल्ली आने वाली छह ट्रेनें रद्द
पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल के मुताबिक, रद्द ट्रेनों में 12309 पटना तेजस राजधानी, 12393 संपूर्ण क्रांति, 20801 मगध एक्सप्रेस और 22361 अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। इसके अलावा बनारस से चलने वाली 12559 शिवगंगा एक्सप्रेस और 12581 सुपरफास्ट एक्सप्रेस का संचालन भी 9 अक्टूबर को रद्द रहा।
इटारसी में 15 CJP सदस्य हिरासत में
नर्मदापुरम के इटारसी जंक्शन पर पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण को गोवा एक्सप्रेस से CJP सदस्यों के दिल्ली जाने की सूचना मिली थी। जनरल कोच में महिलाओं की अधिक संख्या को देखते हुए भोपाल और नर्मदापुरम से महिला पुलिसकर्मियों को बुलाया गया। शाम 6 बजे ट्रेन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर पहुंचने के बाद पुलिस ने जांच कर 15 सदस्यों को हिरासत में लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी और हंगामा किया। बाद में पुलिस उन्हें गोपनीय स्थान पर ले गई।
अलवर में दीपक बालियान पर कार्रवाई
अलवर के कठूमर क्षेत्र में पुलिस दीपक बालियान के मानखेड़ा स्थित घर पहुंची। CJP नेता आशुतोष रांका ने लाइव आकर हिरासत का आरोप लगाया, जिसे पुलिस ने खारिज किया। ASI उमरुद्दीन के अनुसार, दिल्ली में धारा 163 BNSS लागू होने और सोशल मीडिया पर दिल्ली चलने की अपील के कारण बालियान को धारा 172(2) BNSS के तहत पाबंद किया गया। मेडिकल जांच के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
SIR और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन
CJP मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से आम लोगों के मताधिकार पर असर पड़ने की आशंका जताते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का विरोध कर रही है। पार्टी ने कहा है कि कार्रवाई के बावजूद 10 अक्टूबर का जंतर-मंतर प्रदर्शन तय कार्यक्रम के अनुसार होगा।
ये भी पढ़े: ‘डिवाइड एंड रूल’ की रणनीति के तहत Pak के 4 प्रांतों को 12 हिस्सों में बाटने की तैयारी में असीम मुनीर

