Thursday, Oct 15

होम = Others = अब अनजान नंबर से कॉल आने पर भी दिखेगा नाम, 1 नवंबर से सरकार का नया नियम लागू

अब अनजान नंबर से कॉल आने पर भी दिखेगा नाम, 1 नवंबर से सरकार का नया नियम लागू

by | Oct 15, 2026 | Others, देश

CNAP Caller ID India: भारत में अब अनजान नंबर से आने वाली कॉल की पहचान करना आसान होगा। दूरसंचार विभाग (DoT) ने टेलीकॉम कंपनियों को 1 नवंबर 2026 से 'कॉलिंग नेम प्रेजेंटेशन' (CNAP) सिस्टम शुरू करने का निर्देश दिया है। इसके जरिए कॉल आने पर नंबर के साथ कॉल करने वाले का सत्यापित नाम भी दिखाई देगा।

4G और 5G यूजर्स के लिए डिफॉल्ट सुविधा

सरकारी आदेश के मुताबिक, CNAP सुविधा 4G, 5G और उससे नई पीढ़ी के नेटवर्क पर सभी यूजर्स के लिए डिफॉल्ट रूप से सक्रिय रहेगी। वहीं, 2G, 3G और पब्लिक स्विच्ड टेलीफोन नेटवर्क पर इसे लागू करने का फैसला अलग से होगा।

कैसे काम करेगा नया कॉलर ID सिस्टम?

कॉल आने पर स्क्रीन की पहली लाइन में नंबर दिखेगा। दूसरी लाइन में फोन में सेव नाम दिखाई देगा। नंबर सेव नहीं होने पर घरेलू कॉल के लिए टेलीकॉम कंपनी के ग्राहक डेटाबेस में दर्ज नाम दिखेगा। विदेश से आने वाली कॉल पर 'International Call' लिखा होगा। सभी टेलीकॉम कंपनियों को ग्राहकों के नाम और नंबर का डेटाबेस तैयार कर उसका संचालन और रखरखाव करना होगा। कॉल प्राप्त करने वाली कंपनी इसी डेटाबेस से नाम हासिल करेगी।

प्राइवेसी और बिजनेस कॉल के लिए नियम

सुरक्षा नियमों के तहत कॉल समाप्त होने के बाद नाम संबंधी जानकारी क्वेरी-रिस्पॉन्स प्रक्रिया में सुरक्षित नहीं रखी जा सकेगी। कॉलिंग लाइन आइडेंटिफिकेशन रिस्ट्रिक्शन (CLIR) सुविधा वाले ग्राहकों का नाम प्रदर्शित नहीं होगा। बिजनेस और बल्क कनेक्शन वाले ग्राहक अपना पसंदीदा नाम दिखा सकेंगे। यह नाम ट्रेड मार्क्स रजिस्ट्री में पंजीकृत ट्रेडमार्क या GST पोर्टल पर दर्ज व्यापारिक नाम होना चाहिए। कंपनियां दस्तावेजों की जांच करेंगी और मौजूदा ग्राहकों को नाम बदलवाने के लिए आवेदन करना होगा।

TRAI की सिफारिशों के बाद फैसला

यह आदेश पिछले महीनों में 4G और 5G नेटवर्क पर हुए परीक्षणों के बाद आया है। TRAI ने फरवरी 2024 में शुरुआत में मांग पर CNAP सक्रिय करने की सिफारिश की थी। हालांकि, अक्टूबर 2025 में उसने DoT के सभी यूजर्स के लिए इसे डिफॉल्ट रूप से उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर सहमति जताई थी।

ये भी पढ़े: पूर्व IAS दिव्या मित्तल की राजनीति में एंट्री, बनाई ‘जननीति भारत’ पार्टी, 2027 में लड़ेंगी यूपी विधानसभा चुनाव


बंगाल