Daler Mehndi Mika Singh Controversy: दलेर मेहंदी पर उत्तराखंड में एक नवरात्रि कार्यक्रम के दौरान नशे में प्रस्तुति देने के आरोप ने विवाद खड़ा कर दिया है। अब उनके छोटे भाई और गायक मीका सिंह ने इन आरोपों पर प्रतिक्रिया दी है। मीका ने दलेर का बचाव करते हुए कहा कि उनके भाई शराब नहीं पीते। उन्होंने यहां तक चुनौती दे दी कि अगर कोई दलेर के शराब पीने की बात साबित कर दे, तो वह गायिकी छोड़ देंगे।
मीका ने आरोपों पर उठाए सवाल
मीका सिंह ने इंस्टाग्राम पर कहा कि दलेर मेहंदी पिछले 30 साल से सुपरस्टार हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या किसी ने कभी दलेर को शराब पीते देखा है? जब ऐसा नहीं है, तो उनके नशे में होने का दावा कैसे किया जा सकता है?
खराब सेहत के बावजूद किया कार्यक्रम
मीका सिंह ने दावा किया कि दलेर मेहंदी खराब सेहत के बावजूद कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने का अपना वादा निभाते हैं। उन्होंने कहा कि दलेर को 104 डिग्री बुखार था और हाल ही में उनकी बड़ी सर्जरी भी हुई थी। मीका के मुताबिक, दलेर ने उन्हें ये बातें सार्वजनिक न करने को कहा था, लेकिन भाई और दोस्त होने के नाते वह सच सामने लाना चाहते हैं।
कुंजापुरी मेले में प्रस्तुति के दौरान हुआ विवाद
19 अक्टूबर को उत्तराखंड के टिहरी स्थित कुंजापुरी मेले में लाइव कॉन्सर्ट के दौरान दलेर मेहंदी का एक वीडियो सामने आया था। इसमें राज्य के मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचकर कार्यक्रम रुकवाते और गायक को फटकार लगाते दिखे। मंत्री ने कहा कि जब उनसे ठीक से बोला नहीं जा रहा, तो वह गाना कैसे गाएंगे। इसके बाद स्थानीय लोगों ने दलेर पर नशे में होने का आरोप लगाया, जिसके बाद यह वीडियो विवादों में आ गया।
ये भी पढ़ें: दिवाली थीम और लाल रंग का ड्रेस कोड, लॉस एंजेलिस में होगा रणबीर कपूर की ‘रामायण’ का वर्ल्ड प्रीमियर

