Barapullah Phase 3 Corridor: दिल्ली के नवनिर्मित बारापुल्ला फेज-3 कॉरिडोर पर सोमवार को भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। करीब 3 किलोमीटर लंबे जाम के चलते वाहन चालकों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, पुराने बारापुल्ला फ्लाईओवर पर सबसे ज्यादा दबाव है, जहां 8 से 9 लेन का ट्रैफिक एक जगह आकर सिर्फ 3 लेन में सिमट जाता है। ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस ने अलग-अलग प्वाइंट पर कर्मियों की तैनाती की है।
जाम ने वाहन चालकों की बढ़ाई परेशानी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पिछले महीने बारापुल्ला फेज-III कॉरिडोर का उद्घाटन किया था। इसका उद्देश्य मयूर विहार और बारापुल्ला नेटवर्क के बीच बेहतर कनेक्टिविटी के साथ दक्षिण दिल्ली की ओर आने-जाने के लिए तेज मार्ग उपलब्ध कराना था। हालांकि, कॉरिडोर के खुलने के बाद व्यस्त समय में यहां जाम की समस्या सामने आने लगी है। नए मार्ग से सफर आसान होने की उम्मीद कर रहे यात्रियों को अब पीक आवर्स में ट्रैफिक जाम में फंसना पड़ रहा है, जिससे इसकी उपयोगिता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
9 KM तक बढ़ा बारापुल्ला कॉरिडोर
बारापुल्ला उपरिगामी रोड कॉरिडोर और मुकरबा चौक अंडरपास को करीब 1,941 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इस परियोजना को 2014 में मंजूरी मिली थी और इसे 2017 तक पूरा किया जाना था, लेकिन निर्माण में देरी के कारण यह तय समय पर पूरा नहीं हो सका। बारापुल्ला उपरिगामी कॉरिडोर मयूर विहार फेज-I और सराय काले खान के बीच सिग्नल-मुक्त संपर्क उपलब्ध कराता है। यह मौजूदा बारापुल्ला कॉरिडोर से भी जुड़ता है, जिससे पूरे नेटवर्क की लंबाई करीब 9 किलोमीटर हो गई है।
ये भी पढ़ें: उद्घाटन के अगले दिन ही जाम में फंसा बारापुल्ला फेज-III, 3-4 km लंबा ट्रैफिक

