Delhi: त्योहारी सीजन से पहले दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने भारी छूट पर खाद्य सामग्री बेचने वाली दुकानों के खिलाफ जांच अभियान चलाया है। सोशल मीडिया पर 'एक खरीदें, एक मुफ्त पाएं' और 60 प्रतिशत तक डिस्काउंट देने वाले स्टोरों की जांच के दौरान 322 किलो से ज्यादा घी जब्त किया गया।
पीटीआई के मुताबिक, खाद्य विभाग ने उत्पादों की गुणवत्ता, कीमत और खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन की जांच की। अभियान का उद्देश्य मिलावटी, घटिया, एक्सपायर्ड और गलत लेबल वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकना है।
विकासपुरी और हस्तसाल में घी जब्त
विकासपुरी के मैक्सकार्ट स्टोर और अग्रवाल स्टोर में जांच के दौरान विभिन्न ब्रांडों के घी के पांच और अन्य खाद्य पदार्थों के पांच सैंपल लिए गए। यहां से 75.50 लीटर से अधिक घी जब्त किया गया।
वहीं, हस्तसाल गांव के अग्रवाल स्टोर से श्री शान, वृंदा फार्म्स और अवतार ब्रांड के घी के तीन सैंपल लेकर 246 किलो घी जब्त किया गया। विभाग के मुताबिक, प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट और सैंपल के मूल्यांकन के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
अन्य दुकानों से भी खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए
आजाद मार्केट स्थित साहिब संस, जो वाइकॉन इंटरनेशनल के नाम से कारोबार करता है, से लेबलिंग में गड़बड़ी की आशंका पर चीनी से बनी कन्फेक्शनरी के दो सैंपल लिए गए।
लाजपत नगर के जैन स्टोर से मखाना और हल्दी पाउडर, जबकि रिठाला की युग बास्केट प्राइवेट लिमिटेड से दो प्रकार के बिस्कुट, सॉफ्ट कैंडी और चीनी से बनी कैंडी के नमूने लिए गए।
CM रेखा गुप्ता ने दी चेतावनी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि जनस्वास्थ्य को खतरे में डालने वाली खाद्य मिलावट या अनियमितता बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने ग्राहकों से खरीदारी के दौरान गुणवत्ता, पैकेजिंग, निर्माण और एक्सपायरी तारीख जांचने की अपील की। विभाग ने निरीक्षण किए गए प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन दर्ज किए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
ये भी पढ़े: महाराष्ट्र में तेज रफ्तार मर्सिडीज ने युवक को कुचला, कार पर लगा था ‘विधानसभा सदस्य’ का स्टिकर

