Delhi NCR Air Pollution GRAP 1: दिल्ली-NCR में सर्दियों की दस्तक के साथ वायु प्रदूषण बढ़ने लगा है। हवा की धीमी रफ्तार के कारण प्रदूषक कण वातावरण में जमा हो रहे हैं, जिससे वायु गुणवत्ता लगातार बिगड़ रही है। मौसम के मौजूदा हालात को देखते हुए फिलहाल प्रदूषण से राहत मिलने की संभावना कम है।
दिल्ली का AQI 179 से बढ़कर 244 पहुंचा
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने बुधवार को पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) का पहला चरण लागू कर दिया। आयोग के मुताबिक, 20 अक्टूबर को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 179 था, जो मध्यम श्रेणी में आता है। हालांकि, 21 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे AQI बढ़कर 244 पहुंच गया, जो खराब श्रेणी में दर्ज किया गया।
आने वाले दिनों में भी प्रदूषण से राहत मुश्किल
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM) के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक दिल्ली की हवा खराब श्रेणी में बनी रह सकती है। मौसम और प्रदूषण की स्थिति की समीक्षा के बाद GRAP उप-समिति ने तत्काल पहले चरण के प्रतिबंधात्मक उपाय लागू करने का फैसला लिया।
चार राज्यों को निर्देश जारी
CAQM ने दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के संबंधित अधिकारियों को आदेश भेजकर प्रदूषण नियंत्रण उपायों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं।
सभी एजेंसियों को निगरानी बढ़ाने, AQI की नियमित समीक्षा करने और प्रदूषण रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया है। आयोग ने नागरिकों से भी GRAP-1 के सिटीजन चार्टर का पालन करने की अपील की है। GRAP उप-समिति लगातार मौसम और वायु गुणवत्ता की समीक्षा करेगी। AQI में बदलाव के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
ये भी पढ़े: फाइनेंस इन्फ्लुएंसर वी. हरीश ने की आत्महत्या, CEO पर 3 करोड़ मांगने और जान से मारने की धमकी का आरोप

