Delhi Traffic Advisory: दिल्ली में गांधी जयंती के दिन सियासी हलचल तेज है। आम आदमी पार्टी आज जंतर-मंतर पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करने जा रही है। पार्टी ने कार्यकर्ताओं और लोगों से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की है। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर रोड बंद कर बैरिकेडिंग की है और इलाके में धारा 163 लागू की गई है। AAP समेत विपक्षी दल SIR के तहत मतदाता सूची में नाम हटाए जाने समेत अन्य मुद्दों को लेकर CEC के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शन को अनुमति नहीं, सुरक्षा बढ़ाई
अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने गांधी जयंती पर प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। प्रदर्शनकारियों के जुटने की आशंका को देखते हुए नई दिल्ली और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। इसके अलावा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के जवानों की भी तैनाती की गई है।
जंतर-मंतर से पटेल चौक तक सुरक्षा कड़ी
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जंतर-मंतर से पटेल चौक तक पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए दंगा नियंत्रण वाहनों को भी मौके पर रखा गया है।
इन इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है। कनॉट प्लेस, पटेल चौक, जीपीओ, टॉल्स्टॉय मार्ग, जंतर-मंतर रोड, पार्लियामेंट स्ट्रीट और आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन और आवाजाही पर नियंत्रण रहेगा। पुलिस ने यात्रियों से प्रभावित रास्तों से बचने, वैकल्पिक मार्ग अपनाने और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलने की अपील की है।
ये भी पढ़ें: ‘सिर्फ पद्म भूषण क्यों, ज्ञानेश कुमार को भारत रत्न दें’: CEC पर उमर अब्दुल्ला का तंज

