Sunday, Oct 11

होम = Others = इंग्लैंड के वाइल्डलाइफ पार्क में बाघ के बाड़े में घुसा शख्स, हमले में मौत, मचा हड़कंप

इंग्लैंड के वाइल्डलाइफ पार्क में बाघ के बाड़े में घुसा शख्स, हमले में मौत, मचा हड़कंप

by | Oct 11, 2026 | Others, दुनिया

orkshire Wildlife Park Tiger Attack: इंग्लैंड के यॉर्कशायर वाइल्डलाइफ पार्क में बाघ के हमले से एक व्यक्ति की मौत हो गई। साउथ यॉर्कशायर पुलिस के मुताबिक, डोनकास्टर के पास स्थित पार्क में शनिवार दोपहर एक व्यक्ति बाघ के बाड़े में घुस गया, जहां जानवर ने उस पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

इलाज के बावजूद नहीं बच सकी जान

पुलिस को दोपहर 1:35 बजे घटना की सूचना मिली। आपातकालीन सेवाएं तुरंत मौके पर पहुंचीं, लेकिन मेडिकल टीम की तमाम कोशिशों के बावजूद व्यक्ति को बचाया नहीं जा सका। मृतक की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस ने बताया कि उसके परिवार को सूचना दे दी गई है और विशेषज्ञ अधिकारी उनकी सहायता कर रहे हैं।

बाघ सुरक्षित, लोगों को कोई खतरा नहीं

पुलिस ने बाघ की स्थिति को लेकर फैल रही अफवाहों का खंडन किया। अधिकारियों के अनुसार, बाघ को कोई चोट नहीं आई और घटना के बाद भी वह अपने बाड़े में ही रहा। आम लोगों के लिए किसी अन्य खतरे की आशंका नहीं है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे घटना के वीडियो साझा न करने की अपील भी की है।

घटना के बाद वाइल्डलाइफ पार्क बंद

हादसे के तुरंत बाद यॉर्कशायर वाइल्डलाइफ पार्क को खाली करा लिया गया। पार्क रविवार तक बंद रहेगा। पार्क प्रशासन ने बताया कि घटना होते ही आपातकालीन सुरक्षा प्रक्रियाएं सक्रिय कर दी गई थीं। प्रशासन जांच एजेंसियों के साथ मिलकर घटना की परिस्थितियों का पता लगा रहा है। पार्क ने कहा कि आगंतुकों, कर्मचारियों और जानवरों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। फिलहाल, व्यक्ति के बाड़े में प्रवेश करने की वजह और घटना की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हो सकी हैं।

ये भी पढ़े: अब महासागर का नाम बदलना चाहते हैं ट्रंप, अटलांटिक या प्रशांत महासागर को ‘Trump Ocean’ बनाने का दिया सुझाव