Saturday, Oct 24

होम = State = फारूक अब्दुल्ला का बयान: ‘दिल्ली से क्या उम्मीद कर सकते हैं, पाकिस्तान हमारी रक्षा कर रहा’

फारूक अब्दुल्ला का बयान: ‘दिल्ली से क्या उम्मीद कर सकते हैं, पाकिस्तान हमारी रक्षा कर रहा’

Farooq Abdullah Statement: जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने शनिवार को बारामूला में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दिल्ली और पाकिस्तान को लेकर बयान दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली दुनिया के दबाव के कारण चुप है, जबकि पाकिस्तान कश्मीर का मुद्दा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठा रहा है। फारूक अब्दुल्ला ने कहा, “आप दिल्ली से क्या उम्मीद कर सकते हैं? क्या आपको लगता है कि वे आपको न्याय दिलाएंगे?” उन्होंने कार्यकर्ताओं से संघर्ष जारी रखने की अपील करते हुए कहा कि अगर उन्होंने लड़ने का साहस नहीं दिखाया, तो उनकी पहचान मिट सकती है।

अनुच्छेद 370 की बहाली के लिए लड़ाई जारी रखने की बात

रैली में फारूक अब्दुल्ला ने अनुच्छेद 370 की बहाली का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इसके लिए लड़ती रहेगी और एक दिन जम्मू-कश्मीर को उसका विशेष दर्जा वापस मिलेगा। केंद्र सरकार ने 5 अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया था। उन्होंने देशभर के मुसलमानों से एकजुट होने की अपील करते हुए बीजेपी शासित कई राज्यों में संपत्तियों, दुकानों, घरों और धार्मिक स्थलों को तोड़े जाने पर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि मुसलमानों को हाशिए पर धकेलने की कोशिश हो रही है। साथ ही, उन्होंने ऐसे हालात के बावजूद सत्ताधारी पार्टी का समर्थन करने वालों पर भी सवाल उठाए और कहा कि एकता की कमी से संवैधानिक सुरक्षा और समुदाय के हितों के सामने चुनौतियां बढ़ सकती हैं।

ये भी पढ़ें: मुस्कान और साहिल ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में दी चुनौती, मौत की सजा रद्द करने की मांग