Monday, Oct 05

होम = ट्रैवल = Visa Rejection Tips: पहली बार विदेश जा रहे हैं? वीजा रिजेक्शन से बचने के लिए इन 5 गलतियों से रहें दूर

Visa Rejection Tips: पहली बार विदेश जा रहे हैं? वीजा रिजेक्शन से बचने के लिए इन 5 गलतियों से रहें दूर

by | Oct 4, 2026 | ट्रैवल

Visa Rejection Tips: विदेश घूमने का प्लान बनाते समय फ्लाइट और होटल बुकिंग के साथ सबसे जरूरी काम वीजा हासिल करना होता है। अलग-अलग देशों की वीजा प्रक्रिया और शर्तें अलग होती हैं। ऐसे में आवेदन करते समय की गई छोटी-सी गलती भी परेशानी बढ़ा सकती है। खासकर पहली बार विदेश यात्रा करने वालों को आवेदन भरते समय अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए।

इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (IATO) के अध्यक्ष रवि गोसाईं के मुताबिक, वीजा आवेदन में कुछ सामान्य गलतियों से बचकर रिजेक्शन की संभावना कम की जा सकती है। आइए जानते हैं वे 5 बातें, जिनका ध्यान रखना जरूरी है।

  1. आवेदन में गलत जानकारी न दें

वीजा फॉर्म भरते समय नाम, पासपोर्ट नंबर, जन्मतिथि और दूसरी जानकारियों को अच्छी तरह जांच लें। किसी भी जानकारी में गलती या जानकारी अधूरी रहने पर आवेदन प्रभावित हो सकता है। आवेदन जमा करने से पहले फॉर्म में दर्ज सभी विवरणों का मिलान पासपोर्ट और दूसरे दस्तावेजों से जरूर करें। वीजा पाने के लिए कभी भी गलत या फर्जी जानकारी देने की कोशिश न करें।

  1. अपनी आर्थिक क्षमता का प्रमाण दें

कई देशों के वीजा अधिकारी यह देखना चाहते हैं कि आवेदक यात्रा और वहां रहने का खर्च उठाने में सक्षम है या नहीं। इसके लिए बैंक स्टेटमेंट, सैलरी स्लिप, इनकम टैक्स से जुड़े दस्तावेज या आय के अन्य प्रमाण मांगे जा सकते हैं। दस्तावेज पुराने, अस्पष्ट या आवेदन में दी गई जानकारी से अलग होने पर सवाल उठ सकते हैं। इसलिए सभी वित्तीय कागजात सही और अपडेटेड रखें।

  1. यात्रा का उद्देश्य स्पष्ट रखें

वीजा आवेदन में यह साफ होना चाहिए कि आप विदेश क्यों जा रहे हैं। पर्यटन, नौकरी, पढ़ाई या किसी रिश्तेदार से मिलने जैसे उद्देश्य के मुताबिक ही दस्तावेज प्रस्तुत करें। आवेदन में पर्यटन का कारण बताकर दस्तावेजों में नौकरी या किसी दूसरे उद्देश्य के संकेत मिलते हैं, तो वीजा अधिकारी आवेदन पर संदेह कर सकते हैं।

  1. नकली दस्तावेज लगाने की भूल न करें

वीजा आवेदन में फर्जी बैंक स्टेटमेंट, रोजगार प्रमाण पत्र, होटल बुकिंग या दूसरे नकली कागजात देना भारी पड़ सकता है। संबंधित अधिकारी दस्तावेजों और जानकारी का सत्यापन कर सकते हैं। फर्जीवाड़ा सामने आने पर सिर्फ मौजूदा आवेदन ही प्रभावित नहीं हो सकता, बल्कि आगे वीजा हासिल करने में भी परेशानी आ सकती है। इसलिए एजेंट या किसी अन्य व्यक्ति पर निर्भर रहने के बजाय दस्तावेजों की प्रामाणिकता खुद भी जांचें।

  1. जरूरी दस्तावेज और प्रक्रिया पूरी करें

हर देश की वीजा जरूरतें अलग होती हैं। आवेदन फॉर्म, फोटो, ट्रैवल इंश्योरेंस, बायोमेट्रिक, अपॉइंटमेंट और इंटरव्यू जैसी शर्तें लागू हो सकती हैं। इनमें से कोई जरूरी प्रक्रिया छूटने पर आवेदन अधूरा माना जा सकता है। इसलिए यात्रा से पहले संबंधित देश की आधिकारिक इमिग्रेशन या वीजा वेबसाइट पर जाकर मौजूदा नियम और दस्तावेजों की सूची जरूर चेक करें।