Building slab collapse: लोहे का भारी स्लैब अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आकर कई मजदूर मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया, जिसमें अब तक 15 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया।
15 मजदूरों का रेस्क्यू, 12 अस्पताल में भर्ती
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने बताया कि हादसे के बाद अब तक 15 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। इनमें से 12 मजदूरों को गांधीनगर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि तीन मजदूरों को मामूली चोट होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। हादसा बुधवार रात करीब 9 बजे हुआ। दो इमारतों के बीच लोहे का स्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा था, तभी अचानक लोहे का भारी स्लैब ढह गया और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी
हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। इसके बाद मलबे में फंसे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया। अधिकारियों के मुताबिक, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मलबे में कुल कितने मजदूर फंसे हैं। फिलहाल मौके पर राहत और बचाव अभियान जारी है।

