Gold Price 3500 Fall: सोने-चांदी की कीमतों में पिछले कुछ दिनों से उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। इस महीने के अंत में होने वाली अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक से पहले कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है। आज सोने के भाव में एक दिन की गिरावट के बाद कोई बदलाव नहीं हुआ। हालांकि, पिछले एक हफ्ते में 24 कैरेट सोना 10 ग्राम पर करीब ₹3,500 और 22 कैरेट सोना ₹3,200 सस्ता हुआ है। वहीं, औद्योगिक मांग में सुस्ती के बीच चांदी की कीमत लगातार तीसरे दिन स्थिर बनी हुई है।
दिल्ली-मुंबई में चांदी ₹2.35 लाख किलो
चांदी की कीमतों में 1 अक्टूबर को ₹5,000 की गिरावट के बाद लगातार तीन दिनों से कोई बदलाव नहीं हुआ है। आज दिल्ली में एक किलो चांदी का भाव ₹2,35,000 है। मुंबई और कोलकाता में भी चांदी इसी कीमत पर बिक रही है। वहीं, चेन्नई में एक किलो चांदी का भाव ₹2,45,000 है। यानी चारों प्रमुख महानगरों में चांदी सबसे महंगी चेन्नई में मिल रही है।
फेड के फैसले पर टिकी सोने की कीमतों की चाल
बुलियन मार्केट की नजरें इस महीने के अंत में होने वाली अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक पर टिकी हैं। पहले उम्मीद थी कि फेड चेयरमैन केविन वॉर्श 28 अक्टूबर को लगातार दूसरी बार ब्याज दर बढ़ा सकते हैं। हालांकि, हालिया महंगाई के आंकड़े उम्मीद से कम रहने के बाद अब दरों को मौजूदा स्तर पर बनाए रखने की संभावना बढ़ गई है। इस हफ्ते की शुरुआत में अक्टूबर में दर बढ़ने की उम्मीद करीब 70% थी, जो अब घटकर 22% रह गई है। विशेषज्ञों के मुताबिक, दरों पर फेड के फैसले का असर सोने की कीमतों पर भी दिखाई देगा।
ये भी पढ़ें: अक्टूबर की शुरुआत में महंगा हुआ सोना, जानिए 22-24 कैरेट वाले सोने का भाव कितना चढ़ा

