Wednesday, Oct 21

होम = Breaking = गोरखपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 3 की मौत, 10 झुलसे

गोरखपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 3 की मौत, 10 झुलसे

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बुधवार शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गुलरिहा थाना क्षेत्र के अयोध्या प्रसाद चौहान टोला के पास हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। हादसा उस समय हुआ, जब श्रद्धालु ट्रैक्टर ट्रॉली पर दुर्गा प्रतिमा लेकर विसर्जन के लिए जा रहे थे।

हाईटेंशन तार से टकराई ट्रॉली की रॉड

जानकारी के अनुसार, जंगल अयोध्या प्रसाद में स्थापित दुर्गा प्रतिमा को ट्रैक्टर ट्रॉली के जरिए विसर्जन स्थल ले जाया जा रहा था। ट्रॉली में एक लंबी रॉड लगी हुई थी, जो रास्ते में ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गई। इससे ट्रॉली में करंट फैल गया और उस पर सवार लोग बिजली की चपेट में आ गए।

बिजली आपूर्ति बहाल होते ही हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि बिजली विभाग ने पहले इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर रखी थी। लेकिन जैसे ही प्रतिमा लेकर जा रही ट्रॉली रजही चौराहे के पास पहुंची, बिजली आपूर्ति दोबारा शुरू हो गई। इसी दौरान हाईटेंशन तार प्रतिमा के संपर्क में आया, जिससे ट्रॉली पर खड़े लोग करंट की चपेट में आ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

घायलों को मेडिकल कॉलेज में कराया गया भर्ती

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि 10 लोग झुलस गए। इस दर्दनाक घटना से दुर्गा प्रतिमा विसर्जन का उत्साह मातम में बदल गया।

ये भी पढ़े: यूपी पुलिसकर्मियों को दिवाली से पहले तोहफा, दरोगा से लेकर सिपाही तक के भत्तों में बढ़ोतरी