16 Year old Student: दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में स्लीपर बस के अंदर 16 वर्षीय छात्रा से कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है। घटना 4 अगस्त की बताई जा रही है। छात्रा की शिकायत के बाद पुलिस ने बस चालक और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों की पहचान कुलदीप और संदीप के रूप में हुई है। पुलिस ने बस को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
परिवार से नाराज होकर घर से निकली थी छात्रा
मैनपुरी की रहने वाली 11वीं कक्षा की छात्रा 4 अगस्त को परिवार से झगड़े के बाद बिना बताए नोएडा में अपनी चचेरी बहन से मिलने निकल गई थी। भारी बारिश के चलते वह गलती से परी चौक उतर गई। इसी दौरान उसने वहां से गुजर रही एक बस को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि बस कंडक्टर ने उसे नोएडा सेक्टर-63 जाने और वहां छोड़ने की बात कही, जिसके बाद छात्रा बस में सवार हो गई।
खाली स्लीपर बस में वारदात का आरोप
पुलिस को दी शिकायत में छात्रा ने आरोप लगाया कि बस चलने के कुछ देर बाद कंडक्टर ने उसके साथ अश्लील इशारे किए। इसके बाद चालक और कंडक्टर ने जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। छात्रा के मुताबिक, बस पूरी तरह खाली थी और खिड़कियों पर पर्दे लगे थे। आरोप है कि वारदात के बाद दोनों उसे उसी रात कश्मीरी गेट ISBT के पास रिंग रोड पर छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद छात्रा ने कश्मीरी गेट थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।

