Thursday, Oct 01

होम = Breaking = ‘तो घाट पर कपड़े धो रही होतीं’…सपा नेता की BJP नेत्री पर विवादित टिप्पणी से बवाल, SC-ST एक्ट में कार्रवाई की मांग

‘तो घाट पर कपड़े धो रही होतीं’…सपा नेता की BJP नेत्री पर विवादित टिप्पणी से बवाल, SC-ST एक्ट में कार्रवाई की मांग

Hardoi SP Leader Sharafat Ali: उत्तर प्रदेश के हरदोई में गोपामऊ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित सपा के PDA सम्मेलन के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष शराफत अली की जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर विवाद खड़ा हो गया है. वायरल वीडियो में शराफत अली आरक्षण का जिक्र करते हुए कहते नजर आ रहे हैं कि अगर मुलायम सिंह यादव ने आरक्षण में संशोधन नहीं किया होता तो प्रेमावती जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर नहीं होतीं, बल्कि किसी घाट पर कपड़े धो रही होतीं.

प्रेमावती ने जताई नाराजगी

अनुसूचित जाति के धोबी समाज से आने वाली प्रेमावती ने बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है. उन्होंने कहा कि धोबी समाज में जन्म लेना उनके लिए गर्व की बात है और वह हर जन्म में इसी समाज में पैदा होकर नए कीर्तिमान बनाना चाहेंगी. प्रेमावती ने कहा कि उनकी उपलब्धियां किसी व्यक्ति विशेष की देन नहीं हैं. उनके मुताबिक, अधिकार और आरक्षण संविधान और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की देन हैं, न कि मुलायम सिंह यादव की. उन्होंने पुलिस में शिकायत देकर SC-ST एक्ट के तहत कार्रवाई और शराफत अली के निष्कासन की मांग की है.

पहले भी विवादों में रहे शराफत

शराफत अली इससे पहले भी अपनी ही पार्टी की पूर्व सांसद ऊषा वर्मा और पूर्व विधायक राजेश्वरी देवी से जुड़ी कथित अमर्यादित टिप्पणियों को लेकर विवादों में रहे हैं. इन विवादों के बाद सपा नेतृत्व ने उन्हें जिलाध्यक्ष पद से हटाया था और जून 2026 में जिला कार्यकारिणी भंग की गई थी. प्रेमावती का आरोप है कि शराफत अली महिलाओं को लेकर बार-बार अमर्यादित बयान देते हैं. उन्होंने कहा है कि न्याय मिलने तक कानूनी प्रक्रिया जारी रखेंगी और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग करती रहेंगी.

ये भी पढ़े: ₹2,000 से ऊपर के UPI भुगतान पर MDR लगा तो 76% यूजर्स कर सकते हैं कैश और कार्ड का रुख