Haryana Milk Price: हरियाणा में आने वाले दिनों में भैंस का दूध आपकी जेब पर थोड़ा और भारी पड़ सकता है। कई जिलों में डेयरी किसान दूध के दाम बढ़ाने की तैयारी में जुटे हैं। गांव और ब्लॉक स्तर पर किसानों के संगठनों की बैठकें शुरू हो गई हैं। फिलहाल अलग-अलग इलाकों में भैंस का दूध करीब 60 से 80 रुपये लीटर बिक रहा है, लेकिन किसानों का कहना है कि इस कीमत पर पशुओं के चारे, देखभाल और दूसरे खर्च निकालना लगातार मुश्किल हो रहा है। जिंद, कुरुक्षेत्र, कैथल, रोहतक और हिसार समेत कई जिलों में दूध के दाम बढ़ाने को लेकर चर्चा चल रही है।
दूध के दाम पर सख्त रुख
डेयरी ऑपरेटर्स एसोसिएशन ने दूध के नए दाम को लेकर सख्त रुख अपनाया है। संगठन का कहना है कि तय कीमत से कम दाम पर दूध या इससे बने उत्पाद बेचने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। हालांकि, यहां अहम बात ये है कि ये संगठन मुख्य रूप से गांव और ब्लॉक स्तर पर काम करने वाले स्थानीय समूह हैं। ऐसे में इनके पास किसी विक्रेता पर कानूनी तौर पर जुर्माना लगाने का अधिकार नहीं है।
5 सितंबर से नए रेट
हांसी के भैणी अमीरपुर गांव में किसानों ने दूध की नई कीमतें लागू करने का ऐलान किया है। किसानों के मुताबिक, 5 सितंबर से भैंस का दूध 100 रुपये और गाय का दूध 80 रुपये प्रति लीटर बेचा जाएगा। खास बात ये है कि आसपास के राजथल और थुराना गांव के किसानों ने भी इस फैसले का समर्थन किया है। ऐसे में दूध के नए रेट को दूसरे गांवों में भी लागू करने की कोशिश होती दिख रही है।
चारे से लेकर मजदूरी तक बढ़ा खर्च
डेयरी किसानों का कहना है कि दूध उत्पादन की लागत लगातार बढ़ती जा रही है। पशुओं के दाने, खल, सूखा और हरा चारा, गुड़, दवाइयों के साथ-साथ मजदूरी पर भी पहले से ज्यादा खर्च हो रहा है। किसानों के मुताबिक, पशु आहार की कीमत करीब 1,800 रुपये से बढ़कर 3,000 रुपये तक पहुंच गई है, जबकि गेहूं के भूसे का भाव भी करीब 1,000 रुपये प्रति क्विंटल बताया जा रहा है।

