IIT Delhi: IIT दिल्ली में शनिवार सुबह M.Sc. फिजिक्स के 31 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, छात्र 22 अगस्त को सुबह करीब 8 बजे मुख्य गेट से कैंपस में दाखिल हुआ था। इसके बाद वह लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स पहुंचा और लिफ्ट से छठी मंजिल पर गया, जहां से नीचे गिर गया। उसे तत्काल कैंपस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
क्राइम टीम और FSL ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की जांच के लिए क्राइम टीम और FSL को बुलाया गया। शुरुआती जांच में शरीर पर गिरने से लगी चोटों के अलावा कोई अन्य चोट नहीं मिली है। घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ। पुलिस को छात्र की जेब से मोबाइल फोन मिला है, जिसे कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। पुलिस घटना से पहले उसकी गतिविधियों और संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।
बिहार का रहने वाला था छात्र
पुलिस के मुताबिक छात्र बिहार का रहने वाला था। वह इलाज के चलते कुछ समय से IIT दिल्ली के बाहर अपनी मां के साथ रह रहा था और VIMHANS अस्पताल में भर्ती भी रहा था।
मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं
पुलिस ने बताया कि घटना के पीछे की वजह अभी सामने नहीं आई है। जांच के तहत IIT दिल्ली से छात्र के काउंसलिंग रिकॉर्ड और अन्य जरूरी जानकारी मांगी जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, मोबाइल फोन और संस्थान से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस मामले की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
ये भी पढ़े: जयपुर में AIAPGET परीक्षा के दौरान बिजली गुल, 49 अभ्यर्थी नहीं दे सके पेपर; 1 सितंबर को री-एग्जाम

