Ilhan Omar Home Raid: अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आलोचक और डेमोक्रेटिक पार्टी की सांसद इल्हान उमर एक बार फिर चर्चा में हैं। उनके वॉशिंगटन स्थित आवास पर अमेरिकी संघीय एजेंटों ने अदालत से जारी वारंट के तहत छापेमारी की है। अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, यह कार्रवाई एक जारी संघीय जांच का हिस्सा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जांच का संबंध इल्हान उमर के इमिग्रेशन दस्तावेजों से जुड़े आरोपों से है। फॉक्स न्यूज डिजिटल ने सूत्रों के हवाले से बताया कि जांच उन दस्तावेजों को लेकर की जा रही है, जिन्हें कथित तौर पर इल्हान उमर के बचपन में उनके दिवंगत पिता ने भरा था। हालांकि, न्याय विभाग ने जांच के विषय को लेकर विस्तृत जानकारी नहीं दी है। फिलहाल, इस मामले में सामने आए आरोपों और संभावित कानूनी कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अदालत के वारंट के तहत हुई कार्रवाई
रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार तड़के वॉशिंगटन में इल्हान उमर के घर के बाहर होमलैंड सिक्योरिटी इन्वेस्टिगेशंस (HSI) की जैकेट पहने कई एजेंट दिखाई दिए। अमेरिकी न्याय विभाग के प्रवक्ता ने पुष्टि की कि एजेंटों ने अदालत से प्राप्त वारंट के तहत कार्रवाई की है। विभाग ने इसे जारी संघीय जांच का हिस्सा बताया। HSI, अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग की जांच शाखा है। यह मानव तस्करी, साइबर अपराध और सीमा पार आपराधिक गतिविधियों से जुड़े मामलों की जांच करती है। हालांकि, इल्हान उमर के आवास पर हुई कार्रवाई में जांच के तहत किन सबूतों की तलाश की गई, इसे लेकर विभाग ने कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है। इससे पहले सितंबर में व्हाइट हाउस के सीमा अधिकारी टॉम होमन ने इल्हान उमर के खिलाफ आपराधिक जांच की पुष्टि की थी। उस समय सांसद ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे दक्षिणपंथी हमला बताया था।
ट्रंप और इल्हान उमर के बीच लंबे समय से विवाद
सोमालिया में जन्मीं इल्हान उमर अमेरिकी संसद में प्रोग्रेसिव डेमोक्रेटिक नेता के रूप में पहचानी जाती हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनका टकराव लंबे समय से जारी है। ट्रंप पहले भी सार्वजनिक रूप से उनके इमिग्रेशन और वैवाहिक इतिहास को लेकर आरोप लगा चुके हैं। मई में मिनेसोटा में धोखाधड़ी से जुड़े दावों पर चर्चा के दौरान ट्रंप ने इल्हान उमर को 'बेहद भ्रष्ट' कहा था। इसके जवाब में इल्हान उमर ने 2 जून को द गार्जियन में प्रकाशित अपने लेख में ट्रंप पर निशाना साधा था।
उन्होंने आरोप लगाया था कि जब भी ट्रंप की अपनी नाकामियों और भ्रष्टाचार से जुड़े मुद्दे सामने आते हैं, तो वह उनके और सोमाली समुदाय के खिलाफ नफरत भड़काने का पुराना तरीका अपनाते हैं। ऐसे में इल्हान उमर के आवास पर हुई ताजा कार्रवाई ने एक बार फिर ट्रंप और उनकी आलोचक सांसद के बीच जारी राजनीतिक टकराव को चर्चा में ला दिया है। हालांकि, जांच के नतीजे सामने आने और आरोपों की पुष्टि होने तक इस मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
ये भी पढ़ें: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन बंद करने के फैसले पर अभिजीत दिपके की प्रतिक्रिया, बोले- ‘पूरा देश बनेगा जंतर-मंतर’

