Wednesday, Oct 07

होम = ट्रैवल = Travel Tips : भारत के ये शहर रंगों के नाम से हैं मशहूर, जानिए इनके पीछे छिपी दिलचस्प कहानी

Travel Tips : भारत के ये शहर रंगों के नाम से हैं मशहूर, जानिए इनके पीछे छिपी दिलचस्प कहानी

by | Oct 6, 2026 | ट्रैवल

Travel Tips: भारत को उसकी विविध संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत और खूबसूरत वास्तुकला के लिए दुनियाभर में जाना जाता है। देश के अलग-अलग हिस्सों में बसे शहर अपनी खास पहचान के लिए प्रसिद्ध हैं। इनमें कुछ शहर ऐसे भी हैं, जिन्हें उनके रंग या प्राकृतिक खूबसूरती के आधार पर अलग नाम मिले हैं। राजस्थान का जयपुर ‘पिंक सिटी’ और जोधपुर ‘ब्लू सिटी’ के नाम से मशहूर है, तो नागपुर को ‘ऑरेंज सिटी’ कहा जाता है। इन नामों के पीछे केवल रंग नहीं, बल्कि इतिहास, परंपरा और स्थानीय विशेषताएं भी जुड़ी हुई हैं। आइए जानते हैं इन शहरों की खास पहचान की कहानी।

जयपुर- पिंक सिटी

राजस्थान की राजधानी जयपुर को ‘पिंक सिटी’ यानी गुलाबी शहर कहा जाता है। शहर की यह पहचान 1876 से जुड़ी मानी जाती है। उस समय महाराजा सवाई राम सिंह द्वितीय ने वेल्स के राजकुमार प्रिंस अल्बर्ट के स्वागत के लिए पुराने जयपुर की इमारतों को टेराकोटा और गुलाबी रंग के शेड में रंगवाया था।

इसके बाद शहर की वास्तुकला और इमारतों में यह रंग एक खास पहचान बन गया। आज भी पुराने जयपुर की कई इमारतों और बाजारों में गुलाबी रंग की खूबसूरती देखने को मिलती है।

नागपुर- ऑरेंज सिटी

महाराष्ट्र का नागपुर ‘ऑरेंज सिटी’ के नाम से मशहूर है। इस नाम का संबंध शहर के रंग से नहीं, बल्कि यहां बड़े पैमाने पर होने वाले संतरे के उत्पादन से है। नागपुर और इसके आसपास के इलाकों में संतरे की खेती काफी प्रसिद्ध है।

यहां पैदा होने वाले संतरे अपने खास स्वाद, रस और पतले छिलके के लिए पहचाने जाते हैं। नागपुर के संतरे को भौगोलिक संकेत यानी GI टैग भी प्राप्त है, जिससे इसकी अलग पहचान और मजबूत होती है।

जैसलमेर- गोल्डन सिटी

राजस्थान का जैसलमेर अपनी सुनहरी आभा के कारण ‘गोल्डन सिटी’ कहलाता है। यहां मौजूद किले, हवेलियां और कई पुरानी इमारतें पीले बलुआ पत्थर से निर्मित हैं।

जब सूर्य की किरणें इन इमारतों पर पड़ती हैं तो पूरा शहर सुनहरे रंग में चमकता दिखाई देता है। इसके अलावा जैसलमेर थार रेगिस्तान के करीब स्थित है, जहां की सुनहरी रेत इस शहर की खूबसूरती को और खास बना देती है।

उदयपुर- वाइट सिटी

झीलों के शहर के रूप में मशहूर उदयपुर को ‘वाइट सिटी’ भी कहा जाता है। इस शहर की कई ऐतिहासिक इमारतों और महलों में सफेद संगमरमर का इस्तेमाल किया गया है।

सूरज की रोशनी में संगमरमर से बनी इमारतें चमक उठती हैं और शहर को एक अलग ही रूप देती हैं। पिछोला झील के बीच स्थित प्रसिद्ध लेक पैलेस भी उदयपुर की वास्तुकला और खूबसूरती का शानदार उदाहरण है।

तिरुवनंतपुरम- एवरग्रीन सिटी

केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम, जिसे त्रिवेंद्रम भी कहा जाता है, अपनी हरियाली और प्राकृतिक सुंदरता के कारण ‘एवरग्रीन सिटी ऑफ इंडिया’ के नाम से प्रसिद्ध है। महात्मा गांधी ने भी शहर की हरियाली और प्राकृतिक वातावरण को देखते हुए इसे इस नाम से संबोधित किया था।

यह शहर पहाड़ियों और हरियाली से घिरा हुआ है। यहां की उष्णकटिबंधीय जलवायु के कारण पेड़-पौधे और बगीचे पूरे साल शहर की खूबसूरती बढ़ाते हैं।

जोधपुर- ब्लू सिटी

राजस्थान का जोधपुर ‘ब्लू सिटी’ के नाम से पूरी दुनिया में जाना जाता है। पुराने शहर में बड़ी संख्या में मकान नीले रंग में रंगे हुए नजर आते हैं। यही नीली इमारतें जोधपुर की सबसे खास पहचान हैं।

कहा जाता है कि शुरुआत में कुछ ब्राह्मण परिवारों ने अपने घरों को नीले रंग से रंगना शुरू किया था। धीरे-धीरे यह परंपरा दूसरे घरों तक भी पहुंच गई। नीले रंग को तेज धूप और गर्मी से जुड़े फायदे से भी जोड़ा जाता है। आज मेहरानगढ़ किले से नीचे दिखाई देता नीले घरों का नजारा जोधपुर की पहचान बन चुका है।