Saturday, Oct 03

होम = खेल = क्रिकेट = अभिषेक-तिलक का तूफान, हसन नवाज की पारी बेकार, भारत ने पाकिस्तान को हराकर जीता गोल्ड

अभिषेक-तिलक का तूफान, हसन नवाज की पारी बेकार, भारत ने पाकिस्तान को हराकर जीता गोल्ड

India vs Pakistan Asian Games Final: जापान के आइची-नागोया में शनिवार, 3 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान के बीच पुरुष क्रिकेट का गोल्ड मेडल मुकाबला खेला गया। निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 211 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स में पुरुष क्रिकेट का खिताब लगातार दूसरी बार अपने नाम किया।

अभिषेक शर्मा ने 28 गेंदों में जड़ा अर्धशतक

भारत की जीत में सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने महज 28 गेंदों में 61 रन बनाए। उनकी पारी में सात छक्के और तीन चौके शामिल रहे। अभिषेक ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और भारतीय पारी को तेजी दी। वहीं, तिलक वर्मा ने नाबाद 51 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में मदद की। उन्होंने 22 गेंदों का सामना करते हुए चार छक्के और तीन चौके लगाए। तिलक ने आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाकर पाकिस्तान के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा।

तिलक और शिवम दुबे की साझेदारी ने बढ़ाया स्कोर

भारतीय पारी के आखिरी हिस्से में तिलक वर्मा और शिवम दुबे ने अहम साझेदारी की। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 30 गेंदों में 60 रन जोड़े। दुबे ने 27 रन का योगदान दिया। आखिरी चार ओवरों में भारतीय बल्लेबाजों ने तेजी से रन जुटाए और टीम का स्कोर 211 तक पहुंचाया। पाकिस्तान की ओर से अराफात मिन्हास और अहमद दानियाल ने दो-दो विकेट लिए।

शुरुआती झटकों के बाद हसन नवाज ने संभाली पाकिस्तानी पारी

212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 39 रन तक अपने तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद हसन नवाज और सैम अयूब ने पारी को संभालते हुए 87 रनों की साझेदारी की। सैम अयूब 29 रन बनाकर शिवम दुबे की गेंद पर आउट हुए, लेकिन हसन नवाज क्रीज पर टिके रहे।

हसन नवाज ने 51 गेंदों में 96 रन बनाए। उनकी पारी में सात छक्के और पांच चौके शामिल थे। वह पाकिस्तान को जीत के करीब ले जाने की कोशिश करते रहे, लेकिन बढ़ते रनरेट के दबाव के बीच टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। पारी के आखिरी ओवर में नवाज आउट हो गए और पाकिस्तान 192 रन पर ही रुक गया।

भारतीय गेंदबाजों ने रोकी पाकिस्तान की रफ्तार

लक्ष्य का बचाव करते हुए भारतीय गेंदबाजों ने अहम मौकों पर विकेट हासिल किए। शिवम दुबे, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर ने दो-दो विकेट लिए। पाकिस्तान की ओर से हसन नवाज की बड़ी पारी के बावजूद भारतीय गेंदबाजों ने बाकी बल्लेबाजों को तेजी से रन बनाने का मौका नहीं दिया। भारत ने मुकाबला 19 रन से जीतकर स्वर्ण पदक हासिल किया।

एशियन गेम्स में भारत ने लगातार दूसरी बार जीता गोल्ड

भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने इससे पहले हांगझोउ में आयोजित 2022 एशियन गेम्स में भी स्वर्ण पदक जीता था। उस फाइनल में भारत ने श्रीलंका को हराया था। 2026 में पाकिस्तान को हराकर टीम ने अपना खिताब बरकरार रखा। पुरुष और महिला दोनों वर्गों में भारत ने क्रिकेट का गोल्ड मेडल हासिल किया।

इस बार प्रतियोगिता में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली थी। बारिश के कारण क्वार्टर फाइनल मुकाबले नहीं हो सके, जिसके बाद बेहतर सीडिंग के आधार पर इन चारों टीमों ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका को 124 रन से हराया, जबकि पाकिस्तान ने बांग्लादेश को छह विकेट से मात दी थी। फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

ये भी पढ़ें: मनोज तिवारी निभाएंगे केवट का किरदार, एआई और डिजिटल इफेक्ट्स से सजेगी लालकिले की रामलीला