Sunday, Oct 04

होम = Breaking = हनीट्रैप के जाल में फंसा नौसेना का जवान, खुफिया जानकारी साझा करने का आरोप

हनीट्रैप के जाल में फंसा नौसेना का जवान, खुफिया जानकारी साझा करने का आरोप

Indian Navy Honey Trap Case: आंध्र प्रदेश पुलिस के काउंटर इंटेलिजेंस सेल ने भारतीय नौसेना के एक जवान को गिरफ्तार किया है। जवान पर आरोप है कि उसने पाकिस्तानी महिला खुफिया एजेंट के संपर्क में आने के बाद संवेदनशील रक्षा जानकारी साझा की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी प्रदीप मुखर्जी के रूप में हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदीप कथित तौर पर ऑनलाइन हनीट्रैप में फंस गए थे, जिसके बाद उन पर पाकिस्तानी एजेंट को गोपनीय जानकारी लीक करने का आरोप लगा है।

सोशल मीडिया पर दोस्ती, फिर संवेदनशील जानकारी हासिल करने का आरोप

रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तानी महिला एजेंट सोशल मीडिया के जरिए प्रदीप मुखर्जी के संपर्क में आई थी। दोनों के बीच धीरे-धीरे दोस्ती बढ़ी, जिसके बाद महिला ने कथित तौर पर विशाखापत्तनम नौसेना अड्डे से जुड़ी रणनीतिक और संवेदनशील जानकारी हासिल की। संदिग्ध डिजिटल गतिविधियों का पता चलने के बाद आंध्र प्रदेश पुलिस के काउंटर इंटेलिजेंस सेल ने प्रदीप पर नजर रखनी शुरू की। जानकारी लीक करने में उसकी कथित भूमिका की पुष्टि के बाद पुलिस ने शनिवार सुबह आईएनएस अग्रणी से उसे हिरासत में ले लिया।

2014 में नौसेना में शामिल हुआ था प्रदीप

प्रदीप मुखर्जी साल 2014 में भारतीय नौसेना में नाविक के तौर पर शामिल हुए थे और विशाखापत्तनम स्थित ईस्टर्न नेवल कमांड में तैनात थे। कुछ दिन पहले ही वह मैनेजमेंट डेवलपमेंट कोर्स के लिए आईएनएस अग्रणी पहुंचे थे। एक अधिकारी के मुताबिक, कथित तौर पर लीक की गई जानकारी में रणनीतिक नौसैनिक संपत्तियों, जहाजों की आवाजाही और परिचालन व्यवस्था से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां शामिल थीं। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि रक्षा से जुड़ी कितनी फाइलें लीक हुईं और क्या इस मामले में किसी तरह का आर्थिक लेनदेन भी हुआ था।

ये भी पढ़ें: बरेली में ₹22 लाख की हनीट्रैप स्कैम का हुआ पर्दाफाश, पुलिस ने 2 बच्चों की मां को किया अरेस्ट