Thursday, Oct 22

होम = Breaking = पैरा तैराक मोहम्मद शम्स पर जापान में महिला से यौन हिंसा करने का लगा आरोप, एशियन पैरा गेम्स से भारत लौटे

पैरा तैराक मोहम्मद शम्स पर जापान में महिला से यौन हिंसा करने का लगा आरोप, एशियन पैरा गेम्स से भारत लौटे

by | Oct 22, 2026 | Breaking, News Latest

Mohammed Shams Alam Sheikh: जापान में चल रहे पैरा एशियन गेम्स के बीच भारतीय पैरा तैराक मोहम्मद शम्स आलम शेख को वापस भारत भेज दिया गया है। उन पर जापान के एक होटल में महिला कर्मचारी के साथ यौन हिंसा करने का आरोप है। मामले को लेकर प्रतियोगिता के दौरान भारतीय दल के लिए असहज स्थिति पैदा हो गई है।

भारत वापस भेजे गए शम्स आलम

भारतीय दल के एक अधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए कथित व्यवहार को ‘निंदनीय और असहनीय’ बताया। खबरों के मुताबिक, आरोपों के बाद जापान पुलिस ने शम्स आलम शेख को हिरासत में लिया था और बीते मंगलवार को उन्हें भारत वापस भेज दिया गया। 40 वर्षीय शम्स आलम बिहार के मधुबनी के रहने वाले हैं। जापान में आयोजित पैरा एशियन गेम्स में बिहार के कुल छह खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

रिपोर्ट के आधार पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण ने कहा कि पैरा ओलंपिक कमिटी ऑफ इंडिया (PCI) की रिपोर्ट के आधार पर शम्स आलम शेख के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि शम्स आलम बिहार सरकार की ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत लाभ ले रहे हैं और वित्त विभाग में कार्यरत हैं।

तीसरी बार पैरा एशियन गेम्स में हुआ था चयन

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की वेबसाइट पर शम्स आलम शेख का एक वीडियो भी मौजूद है। इसमें वह लगातार तीसरी बार एशियन पैरा गेम्स के लिए चयनित होने पर खुशी जाहिर करते नजर आ रहे हैं।

ये भी पढ़ें: एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत की दमदार शुरुआत, शूटिंग में जीता गोल्ड मेडल