India's Got Latent: स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना का शो इंडियाज गॉट लेटेंट एक बार फिर चर्चा में है। शो के ताजा एपिसोड में राहिल नाम के कंटेस्टेंट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गेटअप में पहुंचकर उनकी मिमिक्री की। उसके अंदाज और हाव-भाव देखकर पैनल में बैठे समय रैना और तन्मय भट्ट भी हैरान रह गए। इस दौरान कुणाल कामरा की वीडियो कॉल पर एंट्री ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा।
PM के गेटअप में पहुंचे राहिल, पैनल रह गया हैरान
शो में राहिल की एंट्री ने शुरुआत से ही सबका ध्यान खींच लिया। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गेटअप में मंच पर पहुंचा और उनके जाने-पहचाने अंदाज की नकल करने लगा। परफॉर्मेंस के दौरान उसने प्रधानमंत्री से जुड़े कुछ चर्चित पलों का भी जिक्र किया। पैनल में समय रैना और तन्मय भट्ट के साथ एमसी स्टैन भी मौजूद थे, जिन्होंने चेहरे पर मास्क लगा रखा था। राहिल का गेटअप देखकर समय ने मजाकिया अंदाज में पूछा कि क्या एक और मास्क है। उनकी प्रतिक्रिया से लगा कि उन्हें शो में एक बार फिर विवाद खड़ा होने की आशंका थी।
कुणाल कामरा को किया वीडियो कॉल
राहिल की मिमिक्री के बीच समय रैना ने कॉमेडियन कुणाल कामरा को वीडियो कॉल किया। इसके बाद प्रधानमंत्री की नकल कर रहे राहिल और कुणाल के बीच बातचीत हुई। राहिल के अंदाज को देखकर कुणाल भी हैरान नजर आए। बातचीत के दौरान रुपये का जिक्र भी हुआ और दोनों के बीच मजेदार नोकझोंक देखने को मिली। इस पूरे सेगमेंट ने एपिसोड को और दिलचस्प बना दिया।
यूपी के मुख्यमंत्री की मिमिक्री करने लगे राहिल
परफॉर्मेंस के आखिर में राहिल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की भी मिमिक्री करने की कोशिश की। हालांकि, इससे पहले कि वह आगे बढ़ते, समय रैना ने उन्हें बीच में ही टोक दिया। शो में राहिल की प्रस्तुति को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली। सोशल मीडिया पर भी उनके परफॉर्मेंस को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
विवादों में भी रहा है समय रैना का शो
समय रैना का इंडियाज गॉट लेटेंट पहले भी कई बार विवादों के कारण सुर्खियों में रहा है। विवादों के बाद उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हुई थी। हालांकि, बाद में समय ने शो के साथ वापसी की। हाल ही में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी समय रैना को सम्मानित किया था। अब शो के नए एपिसोड में राहिल की मिमिक्री और कुणाल कामरा के साथ बातचीत ने इसे फिर से चर्चा में ला दिया है।
ये भी पढ़ें: अरुणाचल बॉर्डर पर तनाव के बीच चीन का पहला बयान, बोला- समझौतों के मुताबिक करते हैं पेट्रोलिंग

