Indore: इंदौर के मांगलिया बायपास स्थित पुमार्थ सेरेनिटी टाउनशिप में सोमवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन के लिए आए वाहन की चपेट में आने से 10 साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि वाहन का अगला पहिया बच्ची के ऊपर से गुजर गया। पूरी घटना टाउनशिप में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन बच्ची को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे बॉम्बे हॉस्पिटल के ICU में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम इलाज में जुटी है।
CCTV फुटेज के आधार पर कार्रवाई
सूचना मिलने पर मांगलिया पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। CCTV फुटेज में कचरा वाहन को टाउनशिप में आते और बच्ची को टक्कर मारने के बाद उसके ऊपर से गुजरते देखा जा सकता है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत और फुटेज के आधार पर आरोपी कचरा वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और जीवन संकट में डालने से जुड़ी धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और वाहन चालक की लापरवाही की इसमें क्या भूमिका रही।
ICU में जिंदगी की जंग
गंभीर रूप से घायल बच्ची का बॉम्बे हॉस्पिटल के ICU में इलाज जारी है। हादसे के बाद रिहायशी टाउनशिप के भीतर कचरा वाहनों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
ये भी पढ़े: देहरादून में ट्रिपल मर्डर, घर में घुसकर दंपती और नौकरानी की हत्या; लूट की आशंका

