Iran Economy Crisis: अमेरिकी प्रतिबंधों के बीच ईरान में तेल मंत्रालय से जुड़ा बड़ा बदलाव सामने आया है। ईरान के तेल मंत्री मोहसेन पाकनेजाद ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। ईरानी राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक, उन्होंने निजी कारणों का हवाला दिया है। राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने इस्तीफा स्वीकार करते हुए नेशनल ईरानी ऑयल कंपनी (NIOC) के प्रमुख हामिद बोवार्ड को कार्यवाहक तेल मंत्री नियुक्त करने की सिफारिश की है।
राष्ट्रपति ने इस्तीफा किया स्वीकार
पाकनेजाद ने कुछ समय पहले निजी कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफे की पेशकश की थी, लेकिन राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने शुरुआत में उनका अनुरोध स्वीकार नहीं किया था। एक अधिकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति ने उनसे पद पर बने रहने का आग्रह किया था। हालांकि, मंत्री के बार-बार इस्तीफा देने के अनुरोध के बाद पेजेश्कियान ने आखिरकार उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया। राष्ट्रपति ने पाकनेजाद की ईमानदार सेवा की सराहना भी की।
प्रतिबंधों और होर्मुज तनाव के बीच तेल निर्यात पर संकट
अमेरिका के साथ पिछले सात महीनों से जारी युद्ध के बीच ईरान की अर्थव्यवस्था पर दबाव लगातार बढ़ रहा है। अमेरिकी प्रतिबंधों और नौसैनिक नाकाबंदी के कारण ईरान के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपने तेल भंडार की बिक्री मुश्किल हो गई है। इससे देश के तेल निर्यात और विदेशी मुद्रा आय पर असर पड़ रहा है। दूसरी ओर, होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर भी तनाव बना हुआ है। यह मार्ग वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद अहम माना जाता है, क्योंकि दुनिया की करीब पांचवीं तेल और गैस आपूर्ति यहां से गुजरती है। क्षेत्र में अमेरिकी नौसेना की मौजूदगी से स्थिति और संवेदनशील बनी हुई है।
ये भी पढ़ें: IRAN को कतर से मिलेंगे $6 अरब, राष्ट्रपति पेजेश्कियान का बड़ा ऐलान

