Thursday, Oct 22

होम = Breaking = जबलपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हादसा, जुलूस में करंट लगने से 2 की मौत

जबलपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हादसा, जुलूस में करंट लगने से 2 की मौत

Jabalpur Durga Visarjan Accident: मध्य प्रदेश के जबलपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान देर रात बड़ा हादसा हो गया। मझौली थाना क्षेत्र में विसर्जन जुलूस के साथ चल रहा लोहे का ट्रस हाईटेंशन बिजली के तारों के संपर्क में आ गया, जिससे कई लोग करंट की चपेट में आ गए। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घटना के बाद जुलूस में अफरा-तफरी मच गई।

तार हटाने की कोशिश में हुआ हादसा

विसर्जन जुलूस में 50 से अधिक लोग शामिल थे। प्रतिमा ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रखी थी और उसके साथ लोहे का ट्रस लगा था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रास्ते में नीचे लटक रहे बिजली के तार को ऊपर उठाने की कोशिश की गई, तभी वह हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। इसके बाद तार टूटकर ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गिरा और आसपास मौजूद लोग करंट की चपेट में आ गए।

लोगों ने की कार्रवाई की मांग

मझौली में हादसे के बाद मातम के साथ आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर आरोप लगाया कि देखरेख के अभाव में बिजली की लाइनें नीचे लटक रही हैं, जिससे ऐसे हादसे होते हैं। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले संबंधित विद्युत कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मामले में एसपी का आया बयान

पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने घटना को लेकर बताया कि दुर्घटना रात करीब एक बजे हुई। उन्होंने कहा कि प्रतिमा सुरक्षित निकल गई थी, लेकिन पीछे चल रहा लोहे का ट्रस बिजली के तार में फंस गया, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें: शादी के लिए पैसों की कमी पड़ी तो कपल ने मंदिर में की लूट, बुजुर्ग महिला की सोने की चेन छीनी, दोनों गिरफ्तार