Jantar Mantar Protest SP Absence: दिल्ली में चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का विरोध प्रदर्शन जारी है। इसी बीच बुधवार के प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी की गैर-मौजूदगी चर्चा में आ गई। प्रदर्शन से पहले INDIA ब्लॉक के लंच में भी सपा का कोई सदस्य शामिल नहीं हुआ। इस पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सफाई दी है।
सपा के प्रदर्शन में शामिल नहीं होने पर उठे सवाल
मंगलवार को INDIA गठबंधन के मार्च में तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई बड़े नेता शामिल हुए थे। हालांकि, बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से रखे गए लंच में सपा का कोई प्रतिनिधि नजर नहीं आया। सूत्रों के मुताबिक, सपा बुधवार के विरोध प्रदर्शन में भी शामिल नहीं हुई। इसके पीछे वजह यह बताई गई कि पार्टी को प्रदर्शन का उचित निमंत्रण नहीं मिला या समय पर जानकारी नहीं मिल सकी।
जयराम रमेश ने दी सफाई
सपा की गैर-मौजूदगी और लंच में विपक्षी नेताओं की कम मौजूदगी पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि INDIA जनबंधन के सभी दलों को लंच के लिए आमंत्रित किया गया था। उन्होंने कहा कि लंच का फैसला मंगलवार देर रात हुआ और उसी समय इसकी जानकारी दी गई। ऐसे में कुछ दलों के प्रतिनिधियों का कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाना स्वाभाविक था। जयराम रमेश ने कहा कि कुछ मीडिया संस्थानों में इसे लेकर बेवजह टिप्पणियां की जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि INDIA और दूसरे विपक्षी दल वोट चोरी, SIR और परिसीमन के मुद्दे पर एकजुट हैं और एक-दूसरे के साथ मजबूती से खड़े हैं।
गुरुवार को दिल्ली आएंगी ममता बनर्जी
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर दबाव बनाने के लिए विपक्षी दलों ने लगातार एक सप्ताह तक विरोध प्रदर्शन करने का प्लान बनाया है। इसी सिलसिले में INDIA ब्लॉक के कई बड़े नेता दिल्ली पहुंच रहे हैं। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी भी गुरुवार को दिल्ली पहुंच रही हैं। उनका दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब विपक्षी दल 9 अक्टूबर को बड़े मार्च की तैयारी कर रहे हैं। ममता बनर्जी के दिल्ली पहुंचने के बाद विपक्ष के प्रदर्शन को लेकर गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: EC के खिलाफ प्रदर्शन में AAP-कांग्रेस आमने-सामने, सड़क पर दिखी सियासी खींचतान

