Jordan Church Shooting: जॉर्डन के कराक शहर में एक चर्च के अंदर अंतिम संस्कार के दौरान गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस हमले में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 अन्य घायल हुए हैं। जॉर्डन सरकार ने इसे आतंकी हमला बताया है। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुट गई हैं और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
अंतिम संस्कार के दौरान बंदूकधारियों ने की फायरिंग
एसोसिएटेड प्रेस (AP) की रिपोर्ट के मुताबिक, गोलीबारी राजधानी अम्मान से करीब 180 किलोमीटर दक्षिण में स्थित कराक शहर के एक ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च में हुई। सरकारी टीवी चैनल ‘अल-ममलका’ की रिपोर्ट के अनुसार, कराक के हमौद चर्च में एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार के जुलूस के दौरान कुछ बंदूकधारी गाड़ी से उतरे और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जॉर्डन सरकार के प्रवक्ता मोहम्मद अल-मोमानी ने मृतकों और घायलों की संख्या की जानकारी दी। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोलीबारी किसने की और इसके पीछे क्या वजह थी।
सुरक्षा बलों ने शुरू की जांच
घटना के बाद सुरक्षा बलों को चर्च के आसपास तैनात कर दिया गया है। ‘अल-ममलका’ के मुताबिक, सुरक्षा बल संदिग्धों का पीछा कर रहे हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि हमले में कौन शामिल था और गोलीबारी के पीछे क्या मकसद था।
हमले का निशाना कौन था, अभी स्पष्ट नहीं
कराक शहर में ईसाई अल्पसंख्यक समुदाय की आबादी भी है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक यह नहीं बताया है कि मारे गए और घायल हुए लोग किस समुदाय से थे। यह भी स्पष्ट नहीं है कि हमलावरों ने किसी खास समुदाय या व्यक्ति को निशाना बनाया था या नहीं। घटना को लेकर जांच जारी है।
ये भी पढ़ें: एक के बाद एक भूकंप से कांपी धरती, तिब्बत में 16 की मौत; 3 देशों में भी महसूस हुए झटके

