Kabul: अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में सोमवार दोपहर एक स्कूल के पास हैंड ग्रेनेड हमला हुआ, जिसमें कई बच्चे घायल हो गए। काबुल पुलिस प्रवक्ता खालिद जादरान ने देर रात इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि “कई बच्चे” घायल हुए हैं और मामले की जांच जारी है। उन्होंने विस्तृत जानकारी नहीं दी। अफगान मीडिया के अनुसार, करीब 50 बच्चे घायल हुए हैं।
हजारा बहुल इलाके में हमला
धमाका दश्त-ए-बरची इलाके में हुआ, जो काबुल का प्रमुख हजारा क्षेत्र है। अफगानिस्तान की आबादी में हजारा समुदाय की हिस्सेदारी करीब 9% है। ज्यादातर हजारा शिया मुस्लिम हैं और सुन्नी बहुल देश में लंबे समय से हमलों व भेदभाव का सामना करते रहे हैं। इस्लामिक स्टेट जैसे सुन्नी चरमपंथी संगठन पहले भी उन्हें निशाना बनाते रहे हैं।
UN ने की निंदा
अफगानिस्तान के लिए संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत रिचर्ड बेनेट ने मंगलवार को बच्चों को निशाना बनाने वाले हमले की निंदा की और स्वतंत्र जांच की मांग की। मई 2021 में इसी इलाके के एक स्कूल में तीन धमाकों में दर्जनों लोगों की मौत हुई थी, जिनमें ज्यादातर हजारा समुदाय की छात्राएं थीं। बेनेट ने कहा कि दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए स्वतंत्र जांच जरूरी है और हजारा बहुल इलाके को फिर निशाना बनाया जाना बेहद निंदनीय है।
ये भी पढ़े: बीजेपी छोड़ते ही शहजाद पूनावाला के तीखे सवाल, बोले- मिडिल क्लास बन चुका है ATM

