Kainchi Dham: उत्तराखंड के कैंची धाम में पिछले वीकेंड 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने के बाद प्रशासन ने स्थायी क्राउड मैनेजमेंट सिस्टम तैयार करने की कवायद शुरू कर दी है। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत की अध्यक्षता में ट्रैफिक, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण को लेकर सभी स्टेकहोल्डर्स की बैठक हुई। इसमें श्रद्धालुओं के अनिवार्य रजिस्ट्रेशन की सिफारिश शासन को भेजने का फैसला लिया गया।
डीएम और एसएसपी की ओर से संयुक्त प्रस्ताव भेजा जाएगा। इससे पहले से पता चल सकेगा कि किसी दिन कितने श्रद्धालु पहुंच सकते हैं। फिलहाल 20-25 हजार को मैनेजेबल कैप माना गया है, जिसे परिस्थितियों के अनुसार बदला जा सकता है।
मंदिर में अलग एंट्री और एग्जिट
प्रशासन का लक्ष्य केवल भीड़ सीमित करना नहीं, बल्कि भवाली-अल्मोड़ा हाईवे को सुचारू रखना भी है, ताकि अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जाने वाले यात्रियों को परेशानी न हो। मंदिर में एंट्री और एग्जिट अलग रखने पर भी सहमति बनी है, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही एक दिशा में रहे और दबाव कम हो। अब हर वीकेंड से पहले एसडीएम, सीओ और एआरटीओ की क्राउड मैनेजमेंट बैठक अनिवार्य होगी। इसमें पार्किंग, रूट डायवर्जन, शटल सेवा और ट्रैफिक की समीक्षा होगी। भीड़ बढ़ने पर भवाली और आसपास से शटल चलेंगी, जिसमें केएमओयू और परिवहन विभाग की भूमिका होगी।
होटल बुकिंग और टैक्सी पर निगरानी
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से पहले होटल बुक करने की अपील की है। होटल बुकिंग की जांच भी होगी। बाइक को टैक्सी की तरह चलाने और निजी मोटरसाइकिल किराए पर देने की शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
शिप्रा नदी की पवित्रता पर सख्ती
शिप्रा नदी में स्नान के साथ पिकनिक जैसा माहौल बनाने की शिकायतों के बाद निगरानी बढ़ाई जाएगी। वन विभाग की ड्यूटी लगाकर नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई होगी। बैठक में बाबा नीम करोली और शिप्रा नदी से जुड़े उस प्रसंग का भी उल्लेख किया गया, जिसमें भंडारे के लिए नदी का पानी घी में बदलने की कथा बताई जाती है और बाद में उसे नदी को वापस करने की बात कही गई।
दुकानों और होटलों की कीमतों पर नजर
दुकानदारों को रेट लिस्ट स्पष्ट रूप से लगाने और उचित कीमत रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिक वसूली की शिकायत सही मिलने पर कार्रवाई होगी। होटल और होमस्टे द्वारा अत्यधिक कीमत वसूलने की शिकायतों की भी जांच होगी और उल्लंघन मिलने पर लाइसेंस या संबंधित अनुमति पर कार्रवाई की जा सकती है।
ये भी पढ़े: नागपुर में 17 साल की बेटी पर पिता की हत्या का आरोप, लकड़ी की बैट से सिर पर किया वार

